धूमनगंज इलाके में सो रहे पति पर तेजाब फेंककर पत्नी भाग निकली। तेजाब से झुलसे पति की चीख सुनकर पड़ोस के लोग पहुंचे तो कमरे पर ताला लगा था। किसी तरह ताला तोड़कर मोहल्ले वालों ने युवक को बाहर निकाला। उसकी हालत गंभीर थी। धूमनगंज पुलिस उसे अस्पताल ले गई। पति की तहरीर पर केस लिखकर पुलिस आरोपी महिला की तलाश में लगी है।
धूमनगंज इलाके का 27 साल का युवक मैजिक चलाता है। गांव की ही गैर समुदाय की 30 वर्षीय तलाकशुदा युवती से पहले इश्क हुआ। घरवालों के विरोध के बावजूद 11 महीने पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद धूमनगंज इलाके में किराए पर कमरा लेकर रहने लगे। कुछ दिन तक सब कुछ सही चला। इसके बाद उनके बीच झगड़े होने लगे। बुधवार सुबह युवक गहरी नींद सो रहा था। तभी पत्नी ने उस पर तेजाब फेंका और बाहर से कमरे में ताला लगाकर फरार हो गई।
पति कमरे मेें चीखता रहा। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंची। ताला तोड़ा तो अंदर युवक को झुलसा देखकर सन्न रह गए। सूचना पर धूमनगंज पुलिस पहुंची। पुलिस उसे अस्पताल ले गई। युवक के चेहरे और सीने पर तेजाब पड़ा है। सीओ आलोक मिश्र ने बताया कि झुलसे पति की हालत खतरे से बाहर है। रिपोर्ट लिखी गई है। आरोपी महिला की तलाश की जा रही है।