टेंपो चालक मो.हुसैन को अवैध सम्बंध के विरोध पर गोली मारी गई। हालांकि इसमें सच्चाई कहां तक है कि पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है। मगर परिजनों ने यही आरोप लगाया है। हत्यारोपी मृतक के भाई पर भी गोली चला चुका है। हालांकि उस दौरान वह बच गया था।
उत्तरी लोकपुर करबला निवासी हुसैन की मोहल्ले के ही सल्लन मौलाना से दोस्ती थी। सल्लन ने अपराध की राह पकड़ी और हुसैन रोजी रोटी कमाने के लिए टेंपो चलाने लगा। तीन साल पहले हुसैन की शादी हुई। इस बीच सल्लन का हुसैन के घर आना जाना बढ़ गया। हुसैन के न रहने पर भी सल्लन उसके घर आता था।
यह बात हुसैन के घरवालों को रास नहीं आ रही थी। हुसैन के बड़े भाई हसीन ने विरोध किया तो अगस्त माह में सल्लन ने उसे गोली मार दी। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सुलह समझौता हो गया। घटना को लेकर हुसैन और सल्लन में दुश्मनी हो गई। सल्लन अक्सर हुसैन के घर के आसपास मंडराता रहता था। जिस पर हुसैन ने उसे मना किया। इसी बात से खुन्नस खाए सल्लन ने मौका पाकर हुसैन को सोमवार शाम गोली मार दी। मामले में परिजनों की तहरीर पर सल्लन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
परिजन अवैध सम्बंध के विरोध को लेकर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। जांच शुरू कर दी गई है। सल्लन नामजद है। आरोप साबित हुए तो मुकदमे में नाम बढ़ा दिया जाएगा।
अवधेश सिंह, कोतवाली प्रभारी नैनी