यमुनापार के करछना इलाके में हिस्ट्रीशीटर बदमाश लवकुश उर्फ राजा पांडेय निवासी वीरपुर करछना को मंगलवार दोपहर घर से बुलाकर बदमाशों ने गोली मार दी। दोपहर लगभग दो बजे गांव के ही विजय उर्फ छक्कू ने वॉलीबाल खेलने के लिए बुलाया और घर से पचास कदम दूर जाने के बाद दो बदमाशों ने घेर राजा पर चार गोलियां बरसाईं। तीन गोली हिस्ट्रीशीटर के सीने और पेट में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। दोनों बदमाश पहले से बाइक लेकर तैयार खड़े तीसरे साथी के साथ भाग निकले। खून से लथपथ राजा को लेकर घरवाले अस्पताल भागे। रामबाग के निजी अस्पताल में वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। घटना की जानकारी इंस्पेक्टर करछना समेत कई थानों की फोर्स पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक तीन बदमाशों का नाम सामने आया है, जो उसी के गैंग के हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
करछना में वीरपुर गांव के चंद्रमा प्रसाद पांडेय के दो बेटों में बड़ा लवकुश उर्फ राजा पांडेय (28) करछना थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, धमकी, रंगदारी जानलेवा समेत एक दर्जन मुकदमे शहर के विभिन्न थानों में दर्ज है। बारा थाने का गैंगेस्टर भी रह चुका है। 18 जून 2013 को कार सवार बदमाशों का पीछा करने पर एसओ बारा रहे आरपी द्विवेदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एसओ हत्याकांड में लवकुश उर्फ राजा पांडेय को जेल भेजा गया था। इस घटना से पहले शहर में एक कारोबारी से लूटकांड में वह पकड़ा गया था। एसओ हत्याकांड में छूटकर आने के बाद वह अपराध की दुनिया वर्चस्व बनाए रखने के लिए रंगदारी वसूलने लगा। वह कु छ सालों से प्रापर्टी डीलिंग के धंधे में उतर आया था। वह करछना थाने से दो मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस ने कई बार उसकी तलाश में दबिश दी लेकिन वह हाथ नहीं आया। मंगलवार दोपहर वह घर में सो रहा था।
उसका साथी वीरपुर गांव विजय पांडेय उर्फ छक्कू आया और वॉलीबाल खेलने के लिए बुलाया। कुछ दूर जाने पर उसे घेरकर ताबड़तोड़ गोली चलाई गई। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिरा तो हमलावर भाग निकले। खून से लथपथ राजा हमलावरों के जाने के बाद उठा और लड़खड़ाते हुए घर पहुंचा। उसने बताया कि विजय ने उसे गोली मारी है। पिता चंद्रमा प्रसाद की तहरीर पर विजय पांडेय समेत तीन को नामजद किया गया है। चंद्रमा ने बताया कि हमलावरों में दो मड़वा गांव के हैं। उनमें एक दिनेश हो सकता है। इंस्पेक्टर करछना एसएन त्रिपाठी ने बताया कि किसी बात को लेकर मनमुटाव होने उसके साथियों ने ही गोली मारी है। रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।