सीएमपी डिग्री के पास बस्ती में सिलेंडर लीकेज से घर में लगी आग से जला सामान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
कीडगंज में इंद्रपुरी कॉलोनी की झोपड़ बस्ती में सोमवार सुबह रसोई गैस सिलेंडर में गैस लीकेज के कारण आग लग गई। सिलेंडर से उठी रही आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। झोपड़ी से धुआं और लपटें उठते देख खलबली मच गई। शोरगुल मचा तो भीड़ जुट गई। मोहल्ले के लोगों ने काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया। फायर ब्रिगेड और कीडगंज पुलिस इसके बाद मौके पर पहुंची।
इंद्रपुरी कॉलोनी झोपड़ी बस्ती के रहने वाले राम प्रसाद प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी मंजू देवी सोमवार सुबह गैस चूल्हे पर चाय बना रही थीं। चाय का बर्तन चूल्हे पर रखकर वह बाहर आ गईं। अचानक गैस लीकेज से सिलेंडर में आग लग गई। थोड़ी ही देर में पूरी झोपड़ी लपटों से घिर गई। धुआं और आग की लपटें देख मंजू देवी चीख पड़ीं। चीख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग आ गए। मौसम साफ होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। मोहल्ले के लोग पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने के प्रयास करने लगे। जलते हुए सिलेंडर को खींचकर झोपड़ी के बाहर लाया गया। तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। लोगों को दूसरी झोपड़ियों के भी आग की चपेट में आने की आशंका थी। इस कारण लोग परेशान थे।