नवाबगंज इलाके में शुक्रवार रात इलाहाबाद-लखनऊ राजमार्ग पर कार सवार बदमाशों ने एक एजेंसी के सेल्समैन, डिलेवरी वैन ड्राइवर को तमंचा सटाकर सवा लाख रुपये लूट लिए। लूट के बाद बदमाश कार से भाग निकले। मलाक बलऊ गांव के सामने सरेशाम लूट की घटना से खलबली मच गई। सूचना पर इंस्पेक्टर नवाबगंज और आसपास के थानों की फोर्स पहुंची। पुलिस पूछताछ के बाद लुटेरों की तलाश में लगी है।
फाफामऊ निवासी ऋषि अग्रवाल, अग्रवाल ट्रेडर्स के मालिक हैं। उन्होंने क ई सामानों साबुन, बिस्किट की एजेंसी ले रखी है। उनके यहां सोरांव के सुमेरी का पूरा गांव का रामबाबू सेल्समैन और थरवई का योगेंद्र प्रताप सिंह डिलेवरी वैन चालक की नौकरी करते हैं। वे शुक्रवार सुबह साबुन समेत कई सामान लोडकर लालगोपालगंज में सप्लाई करने गए थे। दुकानों पर सामान डिलेवरी कर वे फाफामऊ लौट रहे थे। इलाहाबाद-लखनऊ राजमार्ग पर पीछे से एक स्विफ्ट डिजायर कार आई और ओवरटेक कर डिलेवरी वैन को रोक लिया। कार से तीन बदमाश उतरे और डिलेवरी के चालक और सेल्समैन की कनपटी पर तमंचा रखकर कारोबारी से वसूली गई रकम मांगी।
सेल्समैन ने नगदी में हीलाहवाली की तो तमंचे की बट से एक बदमाश ने हमला कर दिया। रामबाबू और योगेंद्र दहशत में आ गए। बदमाश नगदी से भरा बैग लूट कर भाग निकले। बैग में सवा लाख रुपये थे। सूचना पर इंस्पेक्टर नवाबगंज और सोरांव पहुंचे। पूछताछ के बाद पुलिस ने आसपास के थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में घेरेबंदी की लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए।