इलाहाबाद। वकीलों की सोमवार को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर पुलिस ने भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। हाईकोर्ट और कचहरी की जबर्दस्त किलाबंदी की गई है। कचहरी के आसपास आमसभा के मद्देनजर कड़ा पहरा रहेगा। सुरक्षा का घेरा तीन स्तर का होगा। पुलिस की नीति सोमवार को टकराव टालने की रहेगी। अगर उपद्रव किया गया तो सख्त कदम भी उठाए जा सकते हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर रविवार को पुलिस लाइन में जिला प्रशासन के साथ पुलिस की संयुक्त बैठक बुलाई गई। बैठक में आईजी जोन बीबी शर्मा, डीआईजी भगवान स्वरूप, डीएम भवनाथ, एसएसपी दीपक कुमार के साथ ही सभी एएसपी, एडीएम, सीओ, मजिस्ट्रेट मौजूद थे। अफसरों की बैठक के बाद थानेदारों की बैठक भी हुई और इसमें सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए। कहा गया कि किसी भी कीमत पर टकराव से बचा जाए। पुलिस कर्मियों को बॉडी प्रोटेक्टर और हेलमेट के साथ ही उतरने के निर्देश दिए गए। कचहरी की बैरीकेडिंग और बाहरी हिस्से में जिले की पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। परिसर के भीतरी हिस्से में आरएएफ तथा पीएसी के जवान तैनात होंगे। परिसर के गेट पर भी आरएएफ तैनात रहेगी।
कचहरी के आसपास डेढ़ हजार से अधिक पुलिस वाले तैनात रहेंगे। कचहरी में चार एएसपी, आठ डीएसपी, 18 एसओ, 25 एसआई, 500 कांस्टेबल, होमगार्ड के साथ ही 10 कंपनी पीएसी और दो कंपनी आरएएफ के जवान तैनात रहेंगे। हाईकोर्ट के आसपास भी सुरक्षा का घेरा कड़ा रहेगा तथा पुलिस की शहर में प्रमुख स्थानों पर गश्त भी होगी। पुलिस लाइन में रिजर्व फोर्स भी रहेगी।