बसपा नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशरी देवी पटेल से गुरुवार रात केपी कम्यूनिटी के बाहर छिनैती हो गई। वे सपा नेता विनोद चंद्र दुबे के बेटे की रिसेप्शन पार्टी में शामिल होकर बाहर निकल रही थीं। बाइक सवार बदमाशों ने उनका पर्स झपट्टा मारकर छीन लिया। घटना के बाद खलबली मच गई। सपा नेता के यहां कार्यक्रम में तमाम वीआईपी के साथ पुलिस और प्रशासन के आला अफसर भी मौजूद थे। लिहाजा यहां सुरक्षा के तगड़े इंतजाम थे। इसके बावजूद छिनैती की घटना हैरान करने वाली है। जानकारी होने पर उनके बेटे विधायक दीपक पटेल जार्जटाउन थाने पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस रिपोर्ट लिखकर जांच कर रही है।
कचहरी रोड पर रहने वालीं बसपा नेता केशरी देवी पटेल गुरुवार को सपा नेता और जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विनोद चंद्र दुबे के बेटे के प्रीतिभोज में शामिल होने केपी कम्युनिटी पहुंची थीं। समारोह में सत्ता पक्ष के विधायक, सांसद, मंत्री के साथ पुलिस प्रशासन के आला अफसर भी आए हुए थे। केशरी देवी पार्टी शामिल होकर जैसे ही गेट के बाहर निकलीं, एक बाइक पर दो बदमाश आए और उनका पर्स और चेन झपट्टा मारकर छीन ली।
इसके बाद उन्हें धक्का देकर मेडिकल चौराहे की ओर भाग निकले। गेट पर घुड़सवार पुलिस के दो जवान भी मौजूद थे। पार्टी में तमाम वीआईपी के मौजूद होने के बावजूद हुई घटना ने सबको सकते में डाल दिया। छिनैती की घटना के बाद भीड़ जुट गई। सूचना पाकर जार्जटाउन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेरेबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पाकर केशरी देवी के बेटे दीपक पटेल भी मौके पर आ गए। बताया जाता है कि पर्स में 20 हजार रुपये नगद, मोबाइल और जरूरी कागजात थे। जार्जटाउन पुलिस मुकदमा लिखकर जांच कर रही है।