फाफामऊ(इलाहाबाद)। गंगापार के थरवई इलाके में शुक्रवार शाम रकम वसूली के बाद लौट रहे माइक्रो फाइनेंस कंपनी के फील्ड अफसर को गोली मारकर बदमाशों ने लगभग दो लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। पेट पर गोली धंसने से घायल फील्ड अफसर को अस्पताल ले जाया गया। खबर पाकर कई पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और इलाके में घेराबंदी कराकर चेकिंग कराई लेकिन देर रात तक बदमाशों की धरपकड़ नहीं हो सकी थी।
रामबाग स्थित माइक्रो फाइनेंस कंपनी जनलक्ष्मी के फील्ड अफसर विनय कुमार और कम्पान सिंह शुक्रवार को बहरिया, सोरांव, फूलपुर इलाके में रकम वसूली के लिए निकले थे। दिन भर में वसूले गए एक लाख 86 हजार रुपये बैग में रखकर वे शाम को बाइक पर शहर के लिए रवाना हुए। विनय बाइक चला रहा था। वह पैसों से भरा बैग भी कंधे पर लटकाए था। वे दोनों थरवई इलाके में हाटमनगंज के पास पहुंचे तभी सफेद अपाचे बाइक पर तीन बदमाश उनके बगल में आए। एक बदमाश ने उनकी बाइक पर पैर से धक्का मारा। बाइक लड़खड़ाने पर विनय ने बाइक रोक दी।वह पैसों भरा बैग लेकर भागने लगा। मगर बदमाशों ने दौड़ाकर उसे दबोच लिया।
तभी पीछे से आकर कम्पान सिंह ने बैग लूटने का विरोध किया तो एक बदमाश ने उस पर फायर कर दिया। पेट में गोली धंसने पर कम्पान गिरा तो बदमाश बैग लेकर बाइक पर भागने लगे। वहां से गुजर रही एक बोलेरो सवार लोगों ने बाइक रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने तमंचा तानकर धमकाया और भाग गए। घायल कम्पान को एक व्यक्ति की मदद से विनय बाइक पर ही फाफामऊ स्थित अस्पताल ले गया। खबर पाकर सीओ और एसओ थरवई पहले मौके पर और फिर अस्पताल पहुंच गए। घायल कम्पान सिंह प्रतापगढ़ में रानीगंज इलाके के जामताली गांव का रहने वाला है। वह शहर के म्योराबाद इलाके में किराए के कमरे में रहकर काम करता है।