घरेलू कलह से आजिज आकर मां ने अपनी मासूम बच्ची संग मिट्टी का तेल छिड़कर आग लगा ली। आग का गोला बनी मां-बेटी की चीख-पुकार सुनकर जब तक परिजन तथा गांव के लोग आग बुझाते, दोनों काफी हद तक से झुलस चुके थे। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मऊआइमा पुलिस का कहना है कि इस मामले में घरवालों ने कोई तहरीर नहीं दी थी। जानकारी होने पर दरोगा को मौके पर भेजा गया लेकिन घरवालों ने किसी भी कार्रवाई से इनकार कर दिया।
मऊआइमा के किरांव गांव निवासी मो. युसूफ ने अपनी पुत्री सना बानो (30) की शादी थाना बहरिया कटनई गांव निवासी सद्दाम हुसैन के साथ की थी। बताया जाता है कि सद्दाम हुसैन अपनी पत्नी सना बानो के साथ पुत्री सानिया तथा पुत्र आजाद को ससुराल किरांव छोडकर एक वर्ष पूर्व सऊदी अरब कमाने के लिए चला गया है। बताते हैं कि सना की मां का कई वर्ष पहले इंतकाल हो चुका है। मां के इंतकाल होने पर पिता ने दूसरी शादी कर ली। मायकेे में रह रही सना बानो की सौतेली मां से आये दिन घरेलू विवाद को लेकर कहासुनी होती रहती। इसी के चलते सना बानो ने सोमवार की शाम अपने घर में बेटी सानिया (4) के साथ बंद कमरे में मिट्टी का तेल छिडक कर आग लगा ली।
मासूम आजाद मां के लिए जार-जार रो रहा था। मासूम बेटे को लोगों ने किसी तरह संभाला। इस मामले में एसओ मऊआइमा पंकज सिंह ने बताया कि घर वालों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। जानकारी होने पर मौके पर एक दरोगा को भेजा गया था लेकिन घर वालों ने किसी भी कार्रवाई से मना कर दिया। वे पोस्टमार्टम भी नहीं कराना चाह रहे थे। घरेलू मामला होने के कारण पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।