धूमनगंज के बम्हरौली में शकुंतलाकुंज कॉलोनी में रहने वाले ट्रैवेल एजेंसी संचालक के घर से चोरों ने नगदी-जेवर समेत लाखों का माल उड़ा दिया। घटना के वक्त घर पर ताला लगा हुआ था। पुलिस की जांच में पता चला है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले फ्रिज से निकालकर पानी पीया और बिस्किट भी खाया। इसके बाद चोरी कर चलता बने। पुलिस जांच में जुटी है।
शकुंतलाकुंज कॉलोनी धूमनगंज के बम्हरौली में स्थित है। यहां रहने वाले सुधीर सिंह सिविल लाइंस में ट्रैवेल एजेंसी चलाते हैं। राणा ज्वैलर्स के पास ही उनका कार्यालय है। सुधीर की पत्नी गरिमा एमएनएनआईटी में शोधार्थी हैं और उन्हें वहीं आवास भी मिला हुआ है। बकौल सुधीर, बुधवार को वह पत्नी के पास चले गए थे। घर में ड्राइवर छोटू निवासी मीरपुर था, जो शाम सात बजे ताला बंदकर अपने घर चला गया। बृहस्पतिवार को सुधीर को किसी कार्यक्रम में शामिल होने जाना था। सुबह 11 बजे के करीब वह कपड़े बदलने के लिए घर पहुंचे। बाहर लगा ताला खोलकर वह भीतर दाखिल हुए तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
कमरे में रखी आलमारी खुली हुई थी और घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। साथ ही आलमारी से पांच लाख के गहने और 68 हजार नगद गायब थे। सूचना पर धूमनगंज पुलिस के साथ ही सीओ सिविल लाइंस भी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस सूत्रों की मानें तो जांच पड़ताल में पता चला है कि चोरों ने फ्रिज से पानी निकालकर पीया था। बिस्किट के खाली रैपर भी मिले हैं। सीओ सिविल लाइंस श्रीश्चंद्र ने बताया कि चोरों के बारे में कुछ क्लू मिले हैं। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।