यमुनापार के शंकरगढ़ इलाके में चार दिन पहले कारोबारी के घर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मंगलवार को पुलिस ने चोरी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही चोरी का माल बरामद हुआ है। पुलिस चोरी की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
शंकरगढ़ के बसहरा उपरहार गांव के रहने वाले मक्खन लाल केसरवानी परचून कारोबारी हैं। घर के बाहर ही उनकी दुकान है। 20 मई की रात मक्खन के घरवाले घर के बाहर सो रहे थे। रात में चोर पीछे के रास्ते दीवार फांदकर घर के अंदर घुस गया। ताला तोड़कर नगदी और जेवर समेत लाखों का माल समेट ले गया। सुबह घरवालों की नींद खुली तो अंदर कमरे का नजारा देखकर सन्न रह गए। शंकरगढ़ पुलिस चोरी का मुकदमा लिखकर आरोपियों की तलाश में लगी थी। मंगलवार दोपहर एसओ शंकरगढ़ संतोष कुमार शर्मा हमराहियों के साथ इलाके में गश्त में थे।
तभी उन्हें मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि चोरी का मास्टरमाइंड घर के पास मौजूद है। इस पर एसओ संतोष शर्मा ने घेरेबंदी कर आरोपी मंगल निवासी पूरा गंगोच बैसमपुरवा शंकरगढ़ को दबोच लिया। एसओ के मुताबिक पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर कारोबारी के घर से चोरी गया माल बरामद कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जा रही है।