शहर के राजरूपपुर मोहल्ले में मंगलवार रात डेरी संचालक पर फायर करते देख मोहल्ले के लोगों ने बदमाश को खदेड़ लिया। बदमाश बाइक से भागे तो उनकी बाइक सड़क पर बालू के ढेर में घुस गई। बदमाश फिसल कर गिरे तो बाइक छोड़कर भाग निकले। कंट्रोल रूम की सूचना पर चौकी प्रभारी राजरूपपुर आलोक सिंह यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेरेबंदी कर आरोपी को तमंचे के साथ पकड़ लिया। पुलिस उसके साथी को तलाश रही है।
राजरूपपुर के रहने वाले शिव शंकर सिंह डेयरी संचालक है। मंगलवार रात लगभग सात बजे जैसे ही वह घर से बाहर निकले बाइक सवार दो बदमाश गाली देते हुए टूट पड़े। शिवशंकर बदमाश को छिटक कर घर के अंदर भागे तो एक बदमाश ने उन पर फायर कर दिया। गोली शिवशंकर के करीब से निकल गई। फायर की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग बाहर निकल आए। लोगों ने शोर मचाते हुए बदमाशों को खदेड़ लिया।
लेकिन बदमाश बाइक छोड़कर भाग निकले। शिवशंकर से पूछताछ के बाद पुलिस ने फायरिंग के मुख्यआरोपी प्रकाश उर्फ बंटी तिवारी को दबोच लिया। जबकि उसका साथी पकड़ में नहीं आया। शिवशंकर ने बताया कि बंटी की शोहबत ठीक नहीं है। वह शराब पीकर राह चलते लोगों से गालीगलौज और मारपीट करता है। दो साल पहले भी उनका झगड़ा हुआ था। तभी वह खुन्नस रखता था। एसओ आलोक सिंह यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी रेलवे कॉलोनी में रहता है।