शहर के सीएवी इंटर कॉलेज के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोमवार रात स्कूटी सवार शिक्षक दंपति को तमंचा सटाकर लूट लिया। सूनसान देख बदमाशों ने ओवरटेक कर दंपति को रोका और शिक्षक की कनपटी पर तमंचा सटाकर डेढ़ लाख रुपये लूटकर भाग गए। कंट्रोल रूम से सूचना पाकर सिविल लाइंस और कर्नलगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची मगर लुटेरों को दबोचा नहीं जा सका है।
शहर के दरभंगा कॉलोनी में रहने वाले दिलीप अवस्थी केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक हैं। वह सोमवार रात पत्नी के साथ प्रीतम नगर कॉलोनी में अपनी बहन के घर प्रीतम नगर गए थे। बहन के घर से लौटते समय दिलीप के पास बैग में डेढ़ लाख रुपये थे। नगदी भरा बैग उन्होंने स्कूटी के हुक में लटका रखा था। वे सीएवी इंटर कॉलेज के कुछ आगे जाते ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। फिर एक बदमाश ने दिलीप की कनपटी पर तमंचा सटाकर स्कूटी से नगदी भरा बैग खींच लिया।
इसके बदा लुटेरे मेडिकल चौराहे की तरफ भाग गए। दिलीप ने मोबाइल से 100 नंबर पर कंट्रोल रूम को सूचना दी तो सिविल लाइंस इंस्पेक्टर महेश पांडेय वहां आ गए। कर्नलगंज इंस्पेक्टर सिद्घार्थ तोमर और सीओ कर्नलगंज वीरेंद्र कुमार भी पहुंच गए। पुलिस ने सीएवी कॉलेज के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को देखा मगर कुछ साफ नहीं नजर आया। इंस्पेक्टर कर्नलगंज सिद्घार्थ तोमर ने बताया कि एफआईआर लिखकर लुटेरों की तलाश हो रही है।