शांतिपुरम कॉलोनी के लेबर चौराहा पर सोमवार दोपहर छात्र नेता मुलायम यादव की स्कार्पियो पर फायरिंग से खलबली मच गई। गोली लगने से गाड़ी का कांच टूट गया। पुलिस को घटना की सूचना दी गई। हालांकि अभी हमलावर के बारे में पता नहीं चल सका है।
श्याम प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष मुलायम यादव दोपहर में दो साथियों संग शांतिपुरम कॉलोनी के लेबर चौराहा पर पहुंचे। वह सैलून में शेविंग कराने चले गए जबकि उनके साथ मौजूद गुड्डू यादव और दीपू साहू गाड़ी में ही बैठे रहे। तभी अचानक फायर हुआ। गोली स्कार्पियो के कांच से टकराई, जिससे कांच टूट गया। फायरिंग से आसपास मौजूद लोग घबरा गए।
लोगों का कहना है कि फायर बाइक सवार व्यक्ति ने किया था मगर उसे कोई पहचान नहीं सका। मुलायम ने घटना के बारे में फाफामऊ चौकी और सोरांव थाने में खबर दी। उसने शक जताया कि यह करतूत उन लोगों की है जिनके खिलाफ उसने 19 अगस्त को गुड़िया मेले में छेड़खानी के विरोध पर मारपीट और फायरिंग का केस दर्ज कराया था। उस घटना में पुलिस ने मोहम्मद शमी को गिरफ्तार किया जबकि सबी अहमद और मोहम्मद अकरम अब तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके हैं।