मिर्जापुर के जिगना थाने के टकटैया गांव में बुधवार को बारात में शामिल होने गए करछना के गोजहिया गांव के अखिल मिश्रा की हर्ष फायरिंग में गोली लगने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार आर्केस्ट्रा की धुन पर नशे में धुत कुछ लोगों ने फायरिंग शुरु कर दी। एक गोली अखिल मिश्रा की पीठ में धंस गई। गोली लगते ही अखिल जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। आनन फानन में उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां बृहस्पतिवार की भोर में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामला दर्ज कर लिया है।