शियाट्स गेट पर सोमवार दोपहर नारेबाजी और चक्काजाम कर रहे छात्रों को सुरक्षाकर्मियों ने दौड़ाकर पीटा। इस बीच छात्रों ने भी पथराव भी किया। बाद में छात्र वहां से भाग निकले। मामले में तीन दर्जन से अधिक छात्रों के खिलाफ नैनी कोतवाली में बलवा का मुकदमा दर्ज कराया गया।
सोमवार तकरीबन एक बजे इलाहाबाद नगर क्षेत्र के कॉलेज से तीन दर्जन से अधिक छात्रों ने शियाट्स गेट पर आकर कुलपति पर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाकर उनके खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसी बीच कुछ छात्रों ने सड़क पर जाम लगाना शुरू कर दिया। उसी दौरान संस्थान के सुरक्षाकर्मियों ने छात्रों को सड़क पर जाम लगाने से रोका। इसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते बात बढ़ गई और संस्थान के निजी सुरक्षाकर्मियों ने लाठी लेकर छात्रों को खदेड़ना शुरू कर दिया। इस पर छात्र भागने लगे, इसी बीच कुछ छात्रों ने पथराव कर दिया। इस पर सुरक्षाकर्मियों ने छात्रों पर लाठियां भांजनी शुरू कर दी। छात्रों को पुराने पुल तक पीछा किया गया। घटना में कई छात्र घायल भी हुए। इससे वहां अफरातफरी मची रही। राहगीर भी इस दौरान सहम गए और किनारे दुबककर खड़े हो गए।
पुल के आसपास की दुकानें भी देखते ही देखते बंद हो गईं। उस पर चाय-नाश्ता कर रहे लोग भी इस पर सभी छात्र भाग निकले, लेकिन एक छात्र सुरक्षाकर्मियों के हाथ लग गया तो उसे लाठी, डंडे और लात-घूंसे से जमकर पीटा गया। काफी देर की पिटाई के बाद उसे छोड़ दिया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस मौके पर नहीं दिखी। बाद में शियाडट्स के सहायक निदेशक प्रशासन डॉ. रमाकांत दुबे ने नैनी कोतवाली में 40-45 छात्रों के खिलाफ बलवा करने एवं धर्म के प्रति नारेबाजी करने की धारा में मुकदमा दर्ज कराया। इस संबंध में शियाट्स के निदेशक प्रशासन विनोद बी लाल से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन पहुंच के बाहर बता रहा था।