युवती को दुकान दिलाने के बहाने दो शातिर युवकों ने उससे रेप किया। पीड़ित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखाने पहुंची तो पुलिस ने फटकार लगा कर भगा दिया। कहीं सुनवाई नहीं होने पर युवती ने अदालत की शरण ली। अदालत के आदेश पर आखिरकार दारागंज पुलिस को मुकदमा दर्ज करना पड़ा। पुलिस ने एक नामजद और दूसरे अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नैनी निवासी एक युवती का पति प्राइवेट नौकरी करता है। झूंसी निवासी मुल्कराज की युवती से जानपहचान है। युवती का आरोप है कि मुल्कराज ने उसको एक दुकान दिलाने की बात कही। वह मुल्कराज के झांसे में आ गई। जुलाई महीने में मुल्कराज ने युवती को दुकान दिखाने के बहाने जंक्शन पर बुलाया। युवती अकेले ही दुकान देखने चली आई। वह युवती को दारागंज स्थित किले के पास सन्नाटे में ले गया। आरोप है कि वहां से उसने अपने ड्राइवर को बहाने से कहीं भेज दिया और युवती के साथ रेप किया। रेप के बाद युवती को गालियां देकर भगा दिया। परेशान युवती अपने साथ हुए घटना की शिकायत करने दारागंज थाने पहुंची तो उल्टा उसे फटकार लगा कर भगा दिया गया। युवती पुलिस अफसरों से भी मिली, लेकिन सुनवाई नहीं हुई तो वह अदालत की शरण में गई। इंस्पेक्टर दारागंज दिनेश कुमार सिंह यादव ने बताया कि अदालत के आदेश पर रेप का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद ही मामला स्पष्ट होगा की युवती के आरोपों में कितनी सच्चाई है।