फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छेड़खानी में युवक को पीट पीटकर मार डाला

Fri, 27 Feb 2015 11:54 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
मऊआइमा के राजा का पुरवा सिसवां गांव में बृहस्पतिवार की रात पड़ोसी के घर में घुसकर छेड़खानी करना एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। गांव के महेंद्र पटेल (30) पर छेड़खानी का आरोप लगा। पड़ोसी घर की महिलाओं ने अश्लील हरकत करने पर शोर मचाया तो परिजनों की नींद खुल गई। महेंद्र को पकड़कर लाठी-डंडों से पीटा गया। लहूलुहान हालत में उसे खदेड़ दिया गया। दोपहर में महेंद्र की मौत हो गई तो गांव में खलबली मच गई। खबर पर मऊ आइमा पुलिस पहुंची। गांव में चर्चा है कि महेंद्र की हत्या साजिश के तहत की गई है। कत्ल के मुकदमे से बचने के लिए उस पर छेड़खानी का आरोप लगाया गया।
विज्ञापन


सिसवां राजा का पुरवा का रहने वाले मुनेश्वर पटेल की मौत हो चुकी है। उनके दो बेटे वीरेंद्र और महेंद्र कुमार थे। वीरेंद्र की दो साल पहले मौत हो गई। जबकि महेंद्र अविवाहित था। पिता की मौत के बाद महेंद्र अपने भतीजे राहुल और भाभी के साथ रहता था और उन्हीं के घर खाना खाता था।  सुबह महेंद्र गांव के एक खेत में खून से लथपथ पड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस बीच वहां पहुंची पड़ोस की एक विधवा महिला ने चिल्ला-चिल्लाकर बताया कि रात में महेंद्र उनके घर में घुसा था। वह उनकी बेटी और बहू के साथ अश्लील हरकत कर रहा था। जिस पर उसे पीटकर भगाया गया। महिला ने धमकाते हुए कहा कि जा रही हूं थाने, इसकी करतूत की शिकायत करने। थाने में महिला ने महेंद्र के खिलाफ बेटी और बहू के साथ छेड़खानी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।

महेंद्र का भतीजा राहुल भी उसे लेकर थाने पहुंचा। महिला की तहरीर लेकर पुलिस ने दोनों पक्षों को घर भेज दिया। गांव पहुंचने पर घायल महेंद्र ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत से गांव में खलबली मच गई। वहीं छेड़खानी का आरोप लगाने वाली महिला ने महेंद्र के मौत की बात सुनी तो उसने अपने बेटों को घर से भगा दिया। महेंद्र के मौत की खबर पर मऊआइमा पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं महेंद्र के भतीजे ने किसी के खिलाफ तहरीर देने से इंकार किया है। मऊआइमा एसओ रामआशीष उपाध्याय के मुताबिक महेंद्र का भतीजा राहुल अपने चाचा की मिरगी की बीमारी से मौत की बात कर रहा है। गांव की एक महिला ने महेंद्र के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत की थी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामला स्पष्ट होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें