शास्त्री पुल के दारागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार की दोपहर प्रतियोगी छात्र ने शास्त्री पुल से छलांग लगाकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। गंगा के गहरे पानी में डूब रहे प्रतियोगी छात्र को जल पुलिस की मदद से गोताखोरों ने बचा लिया। लगातार प्रतियोगी परीक्षा दिए जाने के बावजूद सफल न होने के कारण युवक तनाव में था। इसी के चलते उसने जान देने का फैसला किया था। बाद में मामले की जानकारी जल पुलिस ने युवक के परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को अपने साथ घर लिवा गए। घटना के कारण शास्त्री पुल पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके चलते काफी देर तक जाम जैसे हालात भी बने रहे। इस दौरान इलाकाई पुलिस का कोई अता-पता नहीं था।
मूलत: भदोही के बड़ौना गांव निवासी आरपी तिवारी का 28 वर्षीय बेटा श्याम तिवारी दारागंज थाना क्षेत्र के बक्शीखुर्द इलाके में किराए पर मकान लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। लगातार प्रतियोगी परीक्षाएं देने के बावजूद उसे सफलता नहीं मिल रही थी। इसी के चलते पिछले कुछ दिनों से वह तनाव में था। शुक्रवार की दोपहर में तकरीबन बारह बजे वह सवारी गाड़ी से शास्त्री पुल पर पहुंचा। झूंसी से शहर की ओर जाने वाले पुल के लेन की फुटपाथ पर कुछ देर टहलने के बाद अचानक वह रेलिंग पर चढ़ा और गहरे पानी में छलांग लगा दी।
तभी राहगीरों की नजर युवक पर पड़ी तो शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते पुल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। युवक के छलांग लगाने की सूचना मिलने पर जल पुलिस और गोताखोर सक्रिय हो गए। भारी मशक्कत के बाद झूंसी के छतनाग घाट के पास पहुंचकर युवक को गंगा के गहरे पानी से निकाल लिया गया। खुदकुशी का प्रयास करने वाले युवक को मामूली चोट आई थी। मामले की जानकारी जल पुलिस ने फोन पर परिजनों को दी तो कुछ घंटे बाद मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ लिवा गए। घटना के कारण शास्त्री पुल पर काफी देर तक जाम जैसे हालात बने रहे।