इलाहाबाद। सिविल लाइंस में नाइक के शोरूम में शनिवार को छात्रनेता अविनाश दुबे की पिटाई करना पन्ना लाल रोड स्थित संदेश एकेडमी के संचालकों को महंगा पड़ गया। छात्रनेता ने कोचिंग संचालकों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया तो शाम को उसके समर्थकों ने कोचिंग पर धावा बोल दिया। 60 से 70 की संख्या में आए छात्रों ने कोचिंग के सारे शीशे, दरवाजे, गमले तो तोड़े ही, बाहर खड़ी वकीलों की कारों को भी नुकसान पहुंचाया। आधा दर्जन कारों और बाइक को तोड़ दिया गया तो वकील भड़क गए। वकीलों ने तोड़फोड़ के खिलाफ चक्काजाम कर दिया। पुलिस पहुंची और वकीलों को समझा-बुझाकर शांत कराया। देर रात तक कोचिंग संचालकों की तरफ से तहरीर नहीं दी गई थी।
छात्रनेता अविनाश दुबे और संदेश एकेडमी के संचालकों के बीच काफी समय से तनातनी चल रही है।
अविनाश ने कोचिंग को लेकर आरटीआई दाखिल कर रखी है। अविनाश का आरोप है कि इसी बात को लेकर कोचिंग संचालक उससे खुन्नस खा रहे थे। शनिवार को दोपहर में जब वह नाइक के शोरूम में खरीदारी करने गया था, वहां पर रविशंकर, सुनील और संतोष आ गए। दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। बात बढ़ने लगी तो अविनाश ने मोबाइल निकालने के लिए शर्ट की जेब में हाथ डाला तो तीनों उस पर टूट पड़े। उसे मारते हुए दरवाजे तक घसीटा गया। सारा वाकया शोरूम के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। अविनाश का आरोप है कि उसके सिर पर तमंचे से वार किया गया। हालांकि, तमंचा फुटेज में नहीं दिखा है। अविनाश के सिर पर किसी भारी चीज से मारने से चोट भी आई है। फुटेज पुलिस को सौंपी गई है। अविनाश सिविल लाइंस थाने पहुंचा। मेडिकल के बाद रविशंकर, सुनील और संतोष के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और गालीगलौज की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
इस घटना के करीब चार घंटे बाद शाम को पांच बजे भारी संख्या में युवकों का हुजूम कोचिंग के बाहर पहुंचा और गाड़ियों में तोड़फोड़ करते भीतर घुस गया। कोचिंग में छुट्टी होेने के कारण छात्र नहीं थे। कोचिंग के कर्मचारियों से मारपीट के बाद तोड़फोड़ भी की गई। अधिकांश हमलावरों ने मुंह को रुमाल से ढक रखा था। पास ही ऋण अपीलीय अभिकरण में लोक अदालत चल रही थी। वकीलों की कारें कोचिंग के बाहर खड़ी थीं। छात्रों के उत्पात में कारें भी टूटीं। चक्का जाम की खबर पर सीओ कर्नलगंज वीरेंद्र कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कोचिंग संचालकों ने अविनाश के साथ ही तोड़फोड़ में इविवि छात्रसंघ के एक पदाधिकारी के शामिल होने की बात कही लेकिन कोई तहरीर नहीं दी। पुलिस ने कोचिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी है। सीओ ने कहा कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।