जिला प्रशासन की ओर से की गई तमाम सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए बृहस्पतिवार को दो युवकों ने सीएम योगी आदित्यनाथ की फ्लीट को काले झंडे दिखाए, यही नहीं आगे आकर गाड़ी भी रोकने की कोशिश की। दारागंज थाना क्षेत्र के जीटी जवाहर चौराहे के पास हुई इस घटना से पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। आननफानन में पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दोनों को दारागंज थाने ले जाया गया जहां देर शाम तक उनसे पूछताछ होती रही। उनका कहना है कि एसएससी भर्ती घोटाले को लेकर चल रहे अनशन के समर्थन में उन्होंने यह कदम उठाया। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
फूलपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के प्रचार के लिए बृहस्पतिवार को सीएम योगी आदित्यानाथ जिले में थे। यहां उन्हें मऊआइमा के बाद सहसों और फिर शहर के अल्लापुर लेबर चौराहा पर आयोजित जनसभा को संबोधित करना था। सहसों में जनसभा को संबोधित कर सीएम करीब सवा तीन बजे अल्लापुर के लिए रवाना हुए।
अभी फ्लीट जीटी जवाहर चौराहे के पास पहुंची थी कि अचानक दो युवक उनके फ्लीट के आगे आने की कोशिश करने लगे। असफल होने पर काले झंडे लहराने शुरू कर दिए। यह देख चौराहे के आसपास सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों के साथ ही अफसरों के भी हाथ-पांव फूल गए। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ शिवराज ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवक स्नातक के छात्र हैं। इनमें से एक ने अपना नाम निखिल श्रीवास्तव और दूसरे ने विशाल सिंह रिशू बताया है। निखिल सैदाबाद के किसी कॉलेज जबकि विशाल सीएमपी डिग्री कॉलेज से पढ़ाई कर रहा है। दोनों के एनएसयूआई से भी जुड़े होने की बात सामने आई है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। दोनों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
दोनों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट लिखी जा रही है। कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीएम की सुरक्षा में चूक जैसी कोई बात फिलहाल सामने नहीं आई है। फिर भी घटना की जांच कराई जा रही है-आकाश कुलहरि, एसएसपी