नए यमुना पुल के पास युवक को ट्रक ने रौंदा
बांगड़ धर्मशाला के सामने हादसा, घर में कोहराम
आरोपी चालक भागा, पुलिस ने ट्रक लिया कब्जे में
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। नए यमुना पुल के पास बांगड़ धर्मशाला के सामने बुधवार देर रात बेकाबू ट्रक ने युवक को रौंद दिया। खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। उधर घटना के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक मौके पर छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज ट्रक कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
जार्जटाउन थाना क्षेत्र के मालवीय रोड में रहने वाला नितीश तिवारी(35) पुत्र कृष्ण कुमार तिवारी पेंटिंग का काम करता था। भाई सुदेश ने बताया कि बुधवार को किसी काम से नितीश बाइक लेकर घर से निकला था। वहां से लौटते वक्त करीब 12 बजे वह कीडगंज थाना क्षेत्र स्थित नए यमुना पुल के पास बांगड़ धर्मशाला के सामने पहुंचा था कि तभी पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे नितीश सड़क पर जा गिरा। तभी पीछे से आए ट्रक ने उसे रौंद दिया। नितीश का सिर पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जेब में मिले मोबाइल के जरिए सूचना दी गई तो घरवाले मौके पर पहुंचे। नितीश का शव देख वह बिलखने लगे। उधर घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक मौके पर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रक कब्जे में ले लिया। कीडगंज पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट लिखकर आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है।