सिविल लाइंस में दयानंद मार्ग स्थित सत्यम अपार्टमेंट में रहने वाले रिटायर एजीकर्मी के घर का ताला तोड़कर चोरों ने नगदी और जेवर पर हाथ साफ कर दिया। मंगलवार रात परिवार सहित लौटे तो घर का ताला टूटा था। चोरी की सूचना सिविल लाइंस पुलिस को दी। पुलिस रिपोर्ट लिखकर चोरों की तलाश में लगी है।
अखिलेश चंद्र सक्सेना एजी ऑफिस से ऑडीटर के पद से रिटायर हैं। वह मंगलवार शाम परिवार के साथ बंधवा हनुमान मंदिर दर्शन करने चले गए। वहां से सलोरी में एक रिश्तेदार के घर चले गए। देर रात लौटे तो देखा कि मेनगेट का ताला टूटा है। अंदर घुसे तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी और बक्से का ताला टूटा था। अखिलेश ने चोरी की सूचना सिविल लाइंस पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।
चोर लगभग दो लाख रुपये नगद और पांच लाख का जेवर ले गए थे। वहीं चोरी की घटना से अपार्टमेंट के लोग सकते हैं। जब पॉश इलाके में कुछ ही घंटों में चोर वारदात कर सकते हैं तो ऐसे में घर छोड़कर बाहर निकलना मुश्किल है। वहीं शिवकुटी के तेलियरगंज मोहल्ले में रहने वाले विनोद कुमार श्रीवास्तव दिवाली पर गांव चले गए थे। वह मंगलवार को लौटे तो उनके घर का ताला टूटा था। चोर 25 हजार रुपये नगद और लगभग दो लाख का जेवर ले गए थे। धूमनगंज के राजरूपपुर मोहल्ले में उदय सिंह के घर का ताला तोड़कर चोर दिवाली की रात 40 हजार रुपये नगद और डेढ़ लाख रुपये का जेवर उठा ले गए। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।