छात्रसंघ चुनावों के आने से पहले ही कॉलेजाें, हॉस्टलों में गोलियों-बमों की धमक सुनाई देने लगी है। कर्नलगंज, शिवकुटी में हुई फायरिंग, बमबाजी की घटना के बाद सोमवार रात जार्जटाउन में ऐसी ही घटना हुई। यहां सीएमपी डिग्री कॉलेज के हॉस्टल के बाहर खड़ी पीएसी की ट्रक पर बम फेंका गया। जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। देर रात तक पुलिस बम फेंकने वालों के बारे में पता नहीं लगा सकी थी।
जार्जटाउन थाना क्षेत्र में सीएमपी डिग्री कॉलेज स्थित है। कॉलेज के पीछे ही संपूर्णानंद छात्रावास है। कॉलेज प्रशासन की मानें तो पिछले दिनों ही हॉस्टल खाली कराया गया है। अवैध कब्जेदार फिर से न काबिज हो जाएं, इसके लिए इन दिनों यहां पीएसी की एक टुकड़ी तैनात की गई है। पुलिस ने बताया कि सोमवार रात हॉस्टल के गेट पर ही पीएसी का एक ट्रक खड़ा हुआ था। रात 11 बजे के करीब इधर से गुजर रहे कुछ युवकों ने एक के बाद एक दो बम फेंके। एक बम परिसर में जाकर गिरा जबकि दूसरा बम बाहर खड़े पीएसी के ट्रक में लगा जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। बम फोड़ने के बाद युवक भाग निकले। बम फूटने से जोरदार धमाके हुए और इलाके में दहशत फैल गई। उधर सूचना मिली तो जार्जटाउन थाने की पुलिस पहुंच गई। पूछताछ की गई लेकिन युवकों का कुछ सुराग नहीं मिला। एसपी सिटी बृजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि बम फोड़ने वालों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस की ओर से अज्ञात में मुकदमा लिखकर जांच कराई जा रही है।
बता दें कि इधर कुछ दिनों से हॉस्टलों, कॉलेजों में लगातार बमबाजी, फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं। पिछले दिनों ही कुलभाष्कर आश्रम कॉलेज में देर रात बमबाजी की घटना हुई थी। इसके अलावा तीन दिन पहले ही इलाहाबाद विश्वविद्यालय के डायमंड जुबली हॉस्टल में बम फेंकने के साथ ही फायरिंग की घटना हुई थी। इसमें पुलिस ने अभिषेक सिंह माइकल समेत पांच हॉस्लरों के खिलाफ मुकदमा भी कायम किया है। हालांकि अब तक कोई पकड़ा नहीं जा सका है।