रीवा हाइवे पर जारी इलाके में मंगलवार देर शाम बाइक पर ट्रिपलिंग दो लोगों के लिए काल साबित हुई। गांव से बाजार जा रहे तीन लोगों को ट्रैक्टर ने टक्कर मारने के बाद कुचल दिया। दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। एक तो ट्रिपलिंग ऊपर से युवक हेलमेट भी नहीं लगाए थे। ड्राइवर ट्रैक्टर लेकर भाग गया। मृतकों के परिजन मौके पर आए तो चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शवों को चीरघर तथा घायल युवक को अस्पताल पहुंचा दिया।
मृतकों में कौंधियारा में उमरी तालुका गांव के विनय चौधरी (38) और सुरेश कुमार उर्फ लड्डू (32) हैं। घायल युवक राजबहादुर चौधरी (34) है। विनय हैंडपंप मिस्त्री था जबकि बाकी दो राजगीर का काम करते थे। मंगलवार शाम तीनों एक ही बाइक पर जारी बाजार के लिए रवाना हुए। सुरेश बाइक चला रहा था। वे तीनों रीवा रोड पर पहलू का पूरा के करीब पहुंचे तभी सामने से आ रहे ट्रै्क्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। तीनों सड़क पर गिरे तो लोग शोर मचाते हुए उधर दौड़े। घबराहट में ड्राइवर ने ट्रैक्टर आगे बढ़ा दिया। विनय और सुरेश ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गए। उन दोनों की मौत हो गई जबकि राजबहादुर चपेट में आने से बच गया। हालांकि हादसे में उसे भी गंभीर चोट पहुंची।
घटना की जानकारी पाकर कौंधियारा थानाध्यक्ष आनंद पांडेय और जारी चौकी प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय भी वहां पहुंच गए।
इसी बीच सुरेश और राजबहादुर के परिजन भी उनकी पत्नियों के साथ पहंच गए। विनय की पत्नी शकुंतला अपने मायके गई थी। वह करीब घंटे भर बाद रोते-कलपते पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस को फोन किया लेकिन करीब पौन घंटे तक इंतजार के बावजूद एंबुलेंस नहीं आया। फिर एक मालवाहक गाड़ी में दोनों मृतकों के शवों के साथ ही घायल राजबहादुर को लेकर पुलिस एसआरन अस्पताल पहुंची। उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया। ट्रैक्टर ड्राइवर पकड़ में नहीं आया। इस दुर्घटना के लिए ड्राइवर की लापरवाही के साथ ही बाइक पर तीन सवारी चलना भी एक कारण है। तीनों युवकों ने हेलमेट भी नहीं लगा रखा था।