घूरपुर (इलाहाबाद)। यमुनापार के घूरपुर इलाके में रविवार रात एक युवक को लोगों ने चोर-चोर का शोर मचाकर इस कदर पीटा कि उसकी मौत हो गई। सुबह बालू के ढेर के पास उसकी लाश देख किसी ने खबर दी तो पुलिस ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। पास में ही एक साइकिल पड़ी थी। पुलिस को पता चला कि यह युवक साइकिल चुराकर भाग रहा था तभी लोगों ने उसे घेरकर धुन डाला। रात तक उसकी पहचान भी नहीं हो सकी।
घूरपुर-प्रतापपुर मार्ग स्थित गड़रिम तारा गांव में बालू मंडी है। सोमवार सुबह किसी ने बालू के ढेर के पास युवक की लाश देखी तो गांव में बताया। वहां भीड़ लग गई। फिर घूरपुर थानाध्यक्ष बिहागड़ सिंह यादव भी पहुंच गए। युवक के शव के पास ही एक साइकिल भी पड़ी थी। शव के निरीक्षण में पुलिस को कमर और शरीर पर पिटाई के निशान दिखे। कोई गहरा जख्म नहीं था। कुछ लोगों से बातचीत में पुलिस को पता चला कि आधी रात यह युवक किसी की साइकिल चुराकर भाग रहा था।
तभी चोर-चोर का शोर मचाकर लोगों ने उसे दौड़ा लिया। वह सड़क किनारे खडे ट्रक के नीचे छिपा तो लोगों ने उसे बाहर खींचकर जमकर धुन दिया। उसकी मौत हो गई तो लोग लाश छोड़कर भाग गए। तकरीबन 35 साल के युवक ने नीली जींस पैंट, कमीज और स्वेटर पहन रखा था। बाएं हाथ की उंगली में अंगूठी थी। वहां से कुछ ही दूर पर आबादी है मगर लोगों ने चुप्पी साधे रखी। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम हाउस में रख दिया गया है। शिनाख्त के बाद कार्रवाई होगी। एसओ घूरपुर बिहागड़ सिंह यादव का कहना है कि अगर यह युवक साइकिल चुराकर भाग रहा था लोगों को पीटने की बजाय पकड़कर पुलिस के हवाले करना चाहिए था। साइकिल चोरी के जुर्म में उसे सजा अदालत देती। किसी को यूं पीटकर मार डालना तो और भी बेहद गंभीर अपराध है।