पिपरी-मंदर मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार छात्र सूरज (14) को कुचल दिया। छात्र की मौत से भड़के लोगों ने खूब बवाल काटा। मंदर रेलवे क्रासिंग पर छात्र को कुचलने वाले डंपर समेत तीन डंपर भीड़ ने फूंक दिए। एक डंपर के खलासी को पीटकर घायल कर दिया। नाराज लोग छात्र के शव को जीटी रोड पर रखकर चक्काजाम की कोशिश कर रहे थे। तभी कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंची और भीड़ को खदेड़ शव कब्जे में लिया।
मूलरूप से सरायअकिल के बकोढ़वा गांव निवासी शिवबाबू परिवार सहित मंदर में रहकर रिक्शा चलाता है। उसके दो बेटों में बड़ा सूरज हाईस्कूल का छात्र था। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे सूरज सब्जी खरीदने बाजार गया था। वह साइकिल घर लौट रहा था तभी मंदर से पिपरी की तरफ जा रहे दो खाली डंपर एक-दूसरे को ओवरटेक करने लगे। उनमें से एक डंपर ने सूरज को टक्कर मारी। वह साइकिल से सड़क पर गिरा तो उसे डंपर रौंदते चला गया। सूरज की मौत हो गई। लोगों ने पीछा किया तो ड्राइवर डंपर लेकर भागा। मंदर रेलवे क्रासिंग का बैरियर बंद था इसलिए ड्राइवर डंपर से उतरकर फरार हो गया। लोगों ने खलासी धर्मेंद्र सिंह निवासी काजू का परवा (कौंधियारा) को दबोचा और लात-घूंसे से पीट दिया।
तभी वहां दो और डंपर आ गए। भीड़ ने उन दोनों में भी तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी। आक्रोशित लोग छात्र का शव लेकर जीटी रोड पर चक्काजाम करने जा रहे थे तभी पूरामुफ्ती, पिपरी, चरवा, कोखराज समेत कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को तितर-बितर किया। फिर पुलिस ने शव कब्जे में लेना चाहा तो लोगों ने विरोध किया। मौके पर पहुंचे एसपी कौशाम्बी वीके मिश्रा लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को सीलकर पोस्टमार्टम हाऊस भेजा तथा घायल खलासी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।