कर्नलगंज इलाके में रविवार रात छात्रा को स्कॉर्पियो में खींचने वाले रिटायर्ड इंस्पेक्टर के बेटे की पिटाई और गाड़ी में तोड़फोड़ की घटना के कुछ घंटे बाद ताराचंद्र हॉस्टल में हंगामा हो गया। वहां छात्रा के चचेरे भाई को कमरे से खींचकर बुरी तरह पीटा गया। गोली भी मारने की कोशिश की गई। घातक हमले में छात्र का सिर फट गया। साथियों ने उसे निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। कर्नलगंज थाने में इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व महामंत्री अभिषेक सिंह माइकल और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी गई। पुलिस देर रात तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी।
इविवि के गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली बीएससी की छात्रा को रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे बैंक रोड पर उस वक्त स्कॉर्पियो में खींचने की कोशिश की गई जब वह सहेलियों संग सब्जी खरीदने गई थी। खींचतान के दौरान हल्ला मचा तो लोगों ने भाग रहे युवकों की स्कॉर्पियो रोक ली। ताराचंद्र हॉस्टल से छात्रा के चचेरे भाई कृष्ण मुरारी यादव समेत तमाम छात्र भी आ गए। स्कॉर्पियो चला रहे एक युवक को जमकर धुना गया। स्कॉर्पियो भी तोड़ी गई। पुलिस ने आकर पिटे युवक को अस्पताल पहुंचाया। छात्रा की ओर से कर्नलगंज थाने में रिपोर्ट लिखी गई।
इसके बाद रात में ताराचंद्र हॉस्टल में छात्रा के चचेरे भाई कृष्ण मुरारी को पीटकर घायल कर दिया गया। सिर पर गंभीर चोट के चलते उसे साथियों ने अस्पताल पहुंचाया। कृष्ण मुरारी ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि वह कर्नलगंज थाने में चचेरी बहन की रिपोर्ट लिखाकर हॉस्टल में अपने साथी अंकुश यादव के पास लौटा। इसी हॉस्टल में रहने वाले छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री अभिषेक सिंह माइकल ने उसे धमकी दी कि जिन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाकर आए हो, वो सभी मेरे लोग हैं, अपनी तहरीर वापस लो वरना जान से मार देंगे।
कृष्ण मुरारी के मुताबिक, उसने इनकार किया तो माइकल उसे धमकी देकर चला गया। फिर रात करीब डेढ़ बजे माइकल ने अच्युतानंद शुक्ला उर्फ सुमित, आवेश प्रताप सिंह, मानस शर्मा, बिट्टू शुक्ला समेत करीब एक दर्जन लोगों के साथ उसे कमरे से खींचकर पिस्टल से फायर किया। वह जान बचाकर भागा तो आवेश और बिट्टू ने पकड़कर पिस्टल की मुठिया तथा राड से पीटा। घातक चोटों के कारण वह घायल होकर गिरा तो उसे मरा समझकर हमलावर भाग गए। कर्नलगंज पुलिस रिपोर्ट लिख जांच कर रही है।
छात्रा को स्कॉर्पियो में खींचकर अपहरण का आरोपी सर्वेश शुक्ला तीन महीने पहले भी तेलियरगंज में एक अपराधी द्वारा बुरी तरह पीटा गया था। तब वह लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहा। अस्पताल से निकलने के कुछ ही दिन बाद अब छात्रा के अपहरण की कोशिश में उसकी फिर इस कदर पिटाई कर दी गई कि उसे कई दिन अस्पताल में रहना पड़ेगा। सर्वेश के बारे में पुलिस ने बताया कि वह तेलियरगंज के जोंधवल में रहने वाले रिटायर्ड इंस्पेक्टर जेएन शुक्ला का पुत्र है। छात्रा की तरफ से दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।