गड्ढे में फंसकर ट्रैक्टर पलटा, रिटायर्ड सिपाही की मौत
0 दारागंज क्षेत्र में मटियारा रोड पर दर्दनाक हादसा
0 बाइक समेत नीचे दब गए थे, अज्ञात चालक पर मुकदमा
0 पुलिस लाइन में थी तैनाती, 22 दिन पहले हुए थे रिटायर
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। दारागंज की मटियारा रोड पर शनिवार सुबह एक अनियंत्रित ट्रैक्टर पलट गया। इसके नीचे बाइक समेत दबने से पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त सिपाही की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात चालक पर मुकदमा दर्ज किया है। उधर स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क पर स्थित गड्ढे की वजह से यह हादसा हुआ। उन्होंने नारेबाजी भी की। पुलिस ने उन्हें किसी तरह समझाया।
गंगादीन यादव (60) मूल रूप से फतेहपुर की गंगानगर कॉलोनी के रहने वाले थे। वह पुलिस विभाग में हेड आर्मोरर के पद से 31 अगस्त को ही रिटायर हुए थे। उस समय उनकी तैनाती पुलिस लाइन में थी। शहर में वह राजरूपपुर में बेटी सोनी यादव व पत्नी रेनू यादव के साथ रहते थे। शनिवार सुबह 11.30 बजे वह किसी काम से अल्लापुर की ओर जा रहे थे। अभी वह मटियारा रोड पर हैजा अस्पताल चौराहे के पास डॉटपुल के नजदीक पहुंचे ही थे कि तभी सामने से तेज गति से आ रहा ट्रैक्टर ट्राली समेत अनियंत्रित होकर पलट गया। गंगादीन इसकी चपेट में आ गए और बाइक समेत ट्राली के नीचे दब गए। आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और उनको बाहर निकालने के प्रयास में जुट गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। किसी तरह गंगादीन को निकालकर एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिली तो पत्नी व बेटी भी रोते-बिलखते पहुंचीं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर दारागंज विनीत सिंह ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
गड्ढे में पहिया फंसने के कारण पलटा ट्रैक्टर
हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जिस जगह पर यह हादसा हुआ, उस सड़क पर करीब हफ्ते भर पहले ही सीवर लाइन बिछाई गई थी। जिसके चलते सड़क पर बड़ा गड्ढा हो गया था। हालांकि कार्यदायी संस्था ने लापरवाही के चलते इसे ठीक ढंग से पाटा नहीं। एक दिन पहले यहां गिट्टी डालकर खानापूर्ति कर दी गई। लोगों ने आरोप लगाया कि पहिया उसी गड्ढे में फंसने के कारण ट्रैक्टर पलट गया जिसकी चपेट में आने से रिटायर्ड सिपाही की मौत हो गई। लोगों का कहना था कि कार्यदायी संस्था ने लापरवाही न दिखाई होती तो शायद यह हादसा न होता। आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी भी की। पुलिस ने किसी तरह उन्हें बहुत समझाकर शांत कराया।
देर शाम तक नहीं हटाया जा सका था ट्रैक्टर
जिस ट्रैक्टर के नीचे दबने की वजह से रिटायर्ड सिपाही की मौत हुई, वह देर शाम तक मौके से हटाया नहीं जा सका था। ट्रैक्टर के साथ ही वहां भारी संख्या में ईंट भी पड़ी हुई थीं। उधर हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैैक्टर छोड़कर मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चालक नाबालिग था। पुलिस का कहना है कि चालक के बारे में पता लगाया जा रहा है।