फायरिंग, बमबाजी से धूमनगंज में दहशत
चकिया में अज्ञात बदमाशों ने चलाई गोलियां
टीपी नगर में अधिवक्ता के घर के बाहर बमबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। धूमनगंज इलाका फायरिंग और बमबाजी की घटनाओं से दहशत में रहा। चकिया में जहां अज्ञात बदमाशों ने रात में फायरिंग कर हड़कंप मचा दिया। वहीं ट्रांसपोर्टनगर में अधिवक्ता के घर के बाहर बम फोड़कर दहशत फैला दी। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है।
चकिया का न्यू आबादी इलाका धूमनगंज थाना क्षेत्र में आता है। यहां पूर्व सांसद अतीक अहमद का कार्यालय भी है। पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार रात नौ बजे के करीब किसी ने 100 नंबर पर सूचना दी कि कुछ लोग फायरिंग कर रहे हैं। 100 नंबर की सूचना पर स्थानीन थाने की फोर्स पहुंची। सूचना देने वाले से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसके घर का दरवाजा बंद था और गोलियां चलने की आवाज सुनाई दे रही थी। इस पर उसने सूचना दी थी लेकिन उसने किसी को देखा नहीं। काफी जांच पड़ताल के बाद भी हमलावरों का पता नहीं चला। पुलिस का कहना है कि इतनी जानकारी मिली है कि बाइकसवार चार बदमाश असलहा लेकर रात में पहुंचे थे। मामला किसी युवती से जुड़ा था। उनकी तलाश की जा रहीै है।
उधर ट्रांसपोर्ट नगर में अधिवक्ता के घर के बाहर बमबाजी की गई। अधिवक्ता राकेश सिंह का कहना है कि शुक्रवार को सुबह 11 बजे वह हाईकोर्ट जाने के लिए निकल रहे थे। तभी बाइकसवार दो बदमाश पहुंचे और उनके घर के सामने बम पटककर भाग निकले। सूचना 100 नंबर पुलिस पहुंची। अधिवक्ता ने एसएसपी से भी शिकायत की है।