रामवाटिका के पास दिनदहाड़े चाकूबाजी
युवक घायल, चार नामजद, एससीएसटी एक्ट भी लगा
इलाहाबाद (ब्यूरो)। कर्नलगंज थाना क्षेत्र में राम वाटिका के पास दिनदहाड़े चाकूबाजी हुई। हमलावरों ने एक युवक पर चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में चार आरोपियों को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुराना कटरा का रहने वाला बजरंगी पासी 11 जून को अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। राम वाटिका के पास हमलावरों ने उसे रोका और चाकू-रॉड से उस पर हमला कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से भीड़ लग गई, लेकिन हमलावरों के हाथ में चाकू और हथियार देखकर कोई आगे नहीं आया। युवक को अधमरा कर हमलावर भाग निकले। इंस्पेक्टर कर्नलगंज अवधेश निगम ने बताया कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। एक मकान को लेकर उनमें झगड़ा चल रहा है। धीरज गुप्ता, नीरज गुप्ता, हरिश्चंद्र गुप्ता और सिद्धि यादव को नामजद किया गया है। दो अज्ञात लोगों के खिलाफ भी एफआईआर हुई है। सभी के खिलाफ हत्या के प्रयास और एससीएसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है।