बिजली विभाग का तीन करोड़ दबाए बैठा है इविवि
बार-बार चेतावनी के बाद भी विवि नहीं जमा कर रहा बकाया बिल
हालैंड हाल छात्रावास ने बीते 25 वर्ष से नहीं जमा किया है बिल
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
हर वर्ष करोड़ों का बजट बिना खर्च किए केंद्र सरकार को वापस करने वाला इलाहाबाद विश्वविद्यालय बिजली विभाग का तीन करोड़ दबाए बैठा है। इसी कारण से टैगोर टाउन क्षेत्र में सबसे अधिक बिजली का बिल बकाया है। विवि के साथ ही हालैंड हाल छात्रावास पर भी बीते 25 वर्ष का पांच करोड़ का बिल बकाया है। उत्तर प्रदेश पॉवर कारपोरेशन की प्रबंध निदेशक की सख्ती के बाद टैगोर टाउन वितरण खंड की ओर से विवि सहित बड़े बकायेदारों से वसूली के प्रयास तेज हो गए हैं।
0 लॉ एंड आर्डर की स्थिति न बिगड़े, इसलिए नहीं काटी बिजली
एमडी की बैठक में फटकार के बाद अधीक्षण अभियंता रत्नेश कुमार की अगुवाई में शहर में बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई। उन्होेंने बताया कि विवि को बार-बार नोटिस देने के बाद भी बकाया भुगतान नहीं किया गया है। हालैंड हाल छात्रावास के साथ विवि के पुराने छात्रावासों पर मिलाकर एक करोड़ का बकाया है। उन्होंने बताया कि विवि एवं जिला प्रशासन को बार-बार सूचित किया जा चुका है कि बिल जमा नहीं है। रत्नेश कुमार ने बताया कि हॉस्टल की बिजली इसलिए नहीं काटी गई ताकि लॉ एंड आर्डर की समस्या न खड़ी हो।
0 टैगोर टाउन में करोड़ों का एरियर बकाया
अधीक्षण अभियंता रत्नेश कुमार ने बताया कि टैगोर टाउन में लगातार बकायेदारों से वसूली हो रही है, इसके बाद भी यह खंड फिसड्डी बना हुआ है। उन्होंने बताया कि टैगोर टाउन में बिजली का खर्च 6.50 रुपये का है जबकि वापसी मात्र चार रुपये हो रही है। ऐसे में विभाग पर लगातार एरियर बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभाग के अधिकारियों की गड़बड़ी के कारण बकाया जमा नहीं हो रहा है। ऐसे अधिकारियों को चिह्नित करके कार्रवाई की जाएगी। टैगोर टाउन के एसडीओ विजय तिवारी ने बताया कि विवि के केपीयूसी छात्रावास पर इससे पहले 2.5 करोड़ का बकाया था, प्रबंधन एवं विवि से लगातार प्रयास के बाद उसका बिल जमा कराया जा सका। उन्होंने बताया कि हालैंड हाल की ओर से बीते 25 वर्ष से बिल नहीं जमा किया जा रहा था। छात्रावास प्रबंधन ने बार-बार आग्रह के बाद 50 लाख जमा किया। उन्होंने बताया कि विवि की ओर से भी जल्द ही 50 लाख जमा करने का आश्वासन मिला है। इविवि के साथ टैगोर टाउन क्षेत्र में निजी लॉज एवं छात्रावासों पर बकाया है।