सिविल लाइंस में मंगलवार को दिनदहाड़े दो बदमाशोें ने महिला से 50 हजार रुपये छीन लिए। घटना तब हुई जब वह कर्नलगंज स्थित बैंक से रुपये निकालकर अपने पति के साथ घर लौट रही थी। बाइक से आए बदमाश रुपयों से भरा पर्स छीनकर भाग निकले। दोपहर में भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।
आवास विकास कॉलोनी झलवा में रहने वाली अनीता का पति अनिल पाल इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिंदू हॉस्टल में चतुर्थ श्रेणीकर्मी है। मंगलवार को उसकी बेटी प्रीति की ट्रिपलसी की परीक्षा सिविल लाइंस में आईसीआईसीआई बैंक के पास एक कंप्यूटर इंस्टीट्यूट में थी। सुबह अनीता अपने पति अनिल के साथ बाइक से कर्नलगंज स्थित पीएनबी पहुंची। वहां से 49 हजार रुपये निकालकर पर्स में रख लिए। पर्स में एक हजार रुपये पहले से थे। तब तक परीक्षा खत्म होने का समय हो चुका था, सो दोनों बेटी प्रीति को लेने सिविल लाइंस चले आए।
अनीता ने बताया कि अनिल ने कुछ सामान हिंदू हॉस्टल में रखा था। इसलिए तीनों हॉस्टल की ओर चल दिए।
अभी वह टीबी सप्रू मार्ग पर एक मार्बल स्टोर के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से एक बाइक पर दो बदमाश आए। पीछे बैठे बदमाश ने अनीता के हाथ से रुपयों से भरा पर्स छीन लिया। अनीता ने पर्स बचाने की पूरी कोशिश की और इसी छीना झपटी में वह बाइक से नीचे गिर पड़ी। इससे उसके पैर मेें चोटें आईं। बदमाश से तेजी से निकल भागे। अनीता और उसके पति अनिल ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भागकर पहुंचे। लोगों ने 100 नंबर पर सूचना देने के बाद पुलिस भी पहुंची।
अनीता को बेली अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। वहां से दंपति थाने पहुंचे और तहरीर दी। इंस्पेक्टर शिवमंगल सिंह ने बताया कि भुक्तभोगी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।