रुपये के विवाद में अपहरण की अफवाह
राजनीतिक दल में पदाधिकारी बनाने को लिए थे 16 हजार
इलाहाबाद। एजी आफिस के पास एक युवक के अपहरण की खबर से सिविल लाइंस इलाके में हड़कंप मच गया। युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि स्कार्पियो सवार कुछ युवकों ने अपहरण कर लिया है। मौके पर पहुंची 100 सेवा की पुलिस ने देखा कि अपहरण तो नहीं हुआ है लेकिन कुछ युवक आपस में लेन देन को लेकर झगड़ रहे थे। विस्तार से जानकारी की गई तो पता चला कि एक राजनीतिक दल का पदाधिकारी बनाने के नाम पर 16 हजार रुपये लिए गए थे। युवक का आरोप था कि कार्यकारिणी की घोषणा होने के बाद दिए गए 16 हजार रुपये मांगे तो पैसे लेने वाला मुकर गया। इसी को लेकर एजी आफिस के पास झगड़ा हुआ। बाद में हाथापाई की स्थिति आ गई। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक ने युवकों के दोनों गुटों के बीच समझौता हो गया है। जिस युवक ने पदाधिकारी बनाने के नाम पर 16 हजार रुपये लिए थे, उनमें से पांच हजार रुपये वापस कर दिए हैं। शेष 11 हजार रुपये एक महीने में वापस करने का वादा किया है।