अल्लापुर इलाके में छात्रा से रेप और कत्ल के आरोपी घटना के बाद 36 घंटे बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। इस दरिंदगी की घटना से लोग आक्रोशित हैं। कुछ नेताओं ने छात्राओं के परिजनों को ढांढस बंधाया तो कई संगठनों और महिलाओं ने एसएसपी समेत कई अफसरों के दफ्तर पर प्रदर्शन कर विरोध जता आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग उठाई। अनहोनी की आशंका से अल्लापुर में भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा। कई थानों की फोर्स गश्त करती रही। वहीं पुलिस ने आरोपियों की तलाश में पुलिस ने रविवार रात कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन सफलता नहीं मिली। संदिग्ध आरोपी फरार है। पुलिस डॉग स्क्वॉयड के साथ घटनास्थल के आसपास के घरों की तलाशी ली।
घटना के दूसरे दिन सोमवार को भी इलाके में तनाव का माहौल रहा। अल्लापुर से लेकर पोस्टमार्टम हाउस और एसएसपी दफ्तर तक जनता का आक्र ोश दिखा। बवाल की आशंका के चलते जगह-जगह पुलिस और पीएसी तैनात रही। अल्लापुर में कर्नलगंज सीओ डीपी तिवारी और सीओ सिविल लाइंस आलोक मिश्र फोर्स के साथ दिनभर गश्त करते रहे। दो डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी के बीच छात्रा के शव का पोस्टमार्टम हुआ। पीएम रिपोर्ट में छात्रा से रेप की बात सामने आई है। वैजाइन स्वैप को प्रिजर्व किया गया है। छात्रा का गला भी रेता गया था। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट है। सिर पर तमंचे की बट से हमला किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद छात्रा के शव को एंबुलेंस से भारी पुलिस के साथ घर लाया गया। मौके पर भी कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात रही है। पुलिस का कड़ा पहरा होने के बाद भी लोगों की भीड़ सड़क पर जुटी। तमाम लोग दहशत में घर की खिड़कियों से बाहर के हालात की जानकारी लेते रहे। छात्रा के शव को कुछ ही देर के लिए घर के बाहर रोका गया। भीड़ ने शव को मटियारा रोड पर रखकर चक्काजाम करने की कोशिश की। इससे माहौल एक बार फिर तनावपूर्ण हुआ लेकिन पुलिस अफसर भीड़ को समझाने में सफल रहे। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। इंस्पेक्टर जार्जटाउन वीके सिंह ने बताया कि आरोपी आसपास के ही हैं। उनके बारे में पुलिस को कई क्लू मिले हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
छात्रा की मौत पर गम, गुस्सा और आक्रोश
दलित छात्रा की अपहरण के बाद रेप और हत्या से इलाके की महिलाओं में भारी आक्रोश है। प्रगतिशील समाज पार्टी की दर्जनभर महिलाएं पैदल मार्च करते हुए सोमवार दोपहर एसएसपी दफ्तर पहुंची। प्रदर्शनकारी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
प्रगतिशील समाज पार्टी महिला मोर्चा की मनीषा मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं ही सुरक्षित नहीं तो राज्य सरकार की कैसी उपलब्धि और कैसा विकास। प्रदेश की जनता डर के साए में जीने को मजबूर है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव मुकुंद तिवारी ने भी एसपी गंगापार को ज्ञापन देकर आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों को हटाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मंगलवार तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होते तो कमिश्नर का घेराव किया जाएगा।
दीपक पटेल ने दिया एक लाख रुपये का चेक
अल्लापुर में हुई घटना के दूसरे सोमवार को बहुजन समाज पार्टी के जोन कोऑर्डिनेटर लालमणि प्रसाद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल पीड़िता के घर पहुंचा। इस मौके पर बसपा विधायक दीपक पटेल, राजबली जैसल, गुरू प्रसाद मौर्या, माशूक खान, टिकैश गौतम, एसके मिश्र, गीता पासी, मसरूर सेठ समेत तमाम मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। पार्टी की ओर विधायक दीपक पटेल ने पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये का चेक दिया है।