मुरादाबाद में बंद पड़ा सराफा बाजार
- फोटो : राहुल भटनागर
सिविल लाइंस में सरदार पटेल मार्ग स्थित सूरज ज्वेलर्स के शटर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 22 लाख की ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार सुबह चोरी की सूचना पर मालिक जीतेंद्र जायसवाल पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पांच बदमाश दुकान को खंगालते हुए साफ नजर आ रहे हैं। सिविल लाइंस जैसे पॉश इलाके में लाखों की चोरी से खलबली मची है। घटना से कारोबारियों में आक्रोश है।
रामबाग निवासी जीतेंद्र अग्रवाल सराफा कारोबारी हैं। उनकी सिविल लाइंस में सरदार पटेल मार्ग पर सूरज ज्वेलर्स के नाम से आभूषण की दुकान है। गुरुवार को वह दुकान बंद कर घर चले गए। शुक्रवार सुबह अगल-बगल के दुकानदारों से दुकान का ताला टूटे होने की जानकारी मिली तो वह भागते हुए पहुंचे।
ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे। चोर सोने-चांदी के लाखों का आभूषण कर निकल गए। जीतेंद्र की सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस, क्राइम ब्रांच और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट ने चोरों का फिंगर प्रिंट लिया है। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा तो पांच की संख्या में बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में लगी है। जीतेंद्र ने यह नहीं बताया कि कितने की चोरी हुई है। पुलिस ने करीब 22 लाख की चोरी का अनुमान लगाया है। पुलिस ने सड़क के किनारे झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले आधा दर्जन संदिग्धों को उठाया है।