नकल के लिए पैसा न देने पर मारपीट, हंगामा
प्रयागराज। राज्य विश्वविद्यालय की बीएससी प्रथम वर्ष की परीक्षा के दौरान सोमवार को धूमनगंज थाना क्षेत्र स्थित कॉलेज में जमकर हंगामा हुआ। परीक्षार्थियों का आरोप था कि कॉलेज प्रबंधन नकल कराने केलिए छात्रों से उगाही कर रहा था। इस पर कुछ छात्रओं ने एतराज जताया तब उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। छात्रों का आरोप है कि हिमांशु राय, शिवम यादव एवं पंकज भारतीय को पैसा न देने पर कॉलेज के कर्मचारियों ने जमकर पीटा। इसी बात को लेकर परिसर में हंगामा शुरू हो गया। परीक्षा खत्म होने के बाद जब परिजनों को यह बात मालूम चली तब सभी एकत्रित होकर शिकायत करने पहुंचे लेकिन उनका कहना है कि उस दौरान कॉलेज प्रशासन ने फायरिंग शुरू करा दी। इसके बाद छात्रों को लेकर परिजन धूमनगंज थाना पहुंच गए। वहां छात्रों की ओर से कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ तहरीर दी गई है। दोनों पक्षों की ओर से देर-रात तक थाने में पंचायत चलती रही।