कैंट बवाल में दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज
गंभीर धाराओं में दर्ज कराई गई रिपोर्ट
प्रयागराज। कैंट स्थित राजापुर में भाइयों के बीच मकान के विवाद के बाद हुए बवाल के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया र्है। पुलिस ने दोनों ही पक्षों पर डकैती, जान से मारने का प्रयास, बवाल आदि धाराओं में मुकदमा लिखा है। शराराबाग निवासी मंजू पाठक ने राजेश मिश्रा पुत्र नन्हें लाल मिश्रा, रमा मिश्रा, प्रीतम दास, छाया दास, रवींद्र मिश्रा, पंकज दास, प्रिंस दास, दीपक शर्मा समेत 15 अज्ञात पर मारपीट करने, अश्लील हरकत करने, फायरिंग करके जान से मारने की कोशिश करने समेत जेवरात लूट ले जाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, प्रीतम दास ने अमित सरन, अरूण कुमार समेत आधा दर्जन के खिलाफ मारपीट करने, पत्नी के साथ रेप की कोशिश करने, कीमती समान घर से उठा ले जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं गीता देवी पत्नी अरूण कुमार ने भी प्रीतम दास, प्रीतम दास की पत्नी, प्रियंका कुमार समेत 20 अज्ञात के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने आरोपियों पर आलमारी तोड़कर 50 हजार रुपये निकाल ले जाने एवं महिलाओं के कपड़े फाड़ डालने का आरोप लगाया है। वहीं, कैंट इंस्पेक्टर का कहना है कि दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। मामले की विवेचना शुरू करा दी गई है। बता दें, भाईयों के बीच चल रहे विवाद के दौरान बुधवार को कैंट थाने के बाहर जमकर हंगामा हुआ था। कुछ लोगों ने थाने पर भी पथराव कर दिया था।