पुलिस के हाथ आया पच्चीस हजार का इनामिया
प्रयागराज। कई मामलों में वांछित चल रहा पच्चीस हजार का इनामिया बदमाश आवेश सिंह उर्फ आकाश पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उस पर कर्नलगंज समेत कई थानों में मारपीट, हत्या के प्रयास समेत अन्य आरोपों में कई मामले दर्ज हैं। गुरूवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसएसपी ने बताया कि आकाश काफी दिनों से ताराचंद्र छात्रावास में रह रहा था। कुछ दिनों पहले हॉस्टल में हुई कार्रवाई के दौरान भी वह चकमा देकर भाग गया था। इन दिनों हॉस्टल में रहता था और वहीं छात्रों से मारपीट करके पैसा आदि छीनने का काम करता था। गुरूवार को दोपहर उसके चिल्ड्रेन अस्पताल के पास स्थित पार्क में मौजूद होने की सूचना मिलने पर सर्विलांस प्रभारी धर्मेद्र यादव की अगुवाई में गठित टीम ने घेराबंदी की और उसे मौके से ही पकड़ लिया। उसके पास से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। एसएसपी ने टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार भी देने की बात कही है। बता दें, आकाश पर छात्रसंघ चुनाव के दौरान मारपीट एवं जानलेवा हमला करने के आरोप में मामला दर्ज हुआ था।