हाईकोर्ट जज समेत तीन लोगों के साथ टप्पेबाजी
देकर पांच हजार नगदी समेत अन्य सामान भरा बैग उड़ाया
अधिकरण सदस्य, विधायक के करीबी की कार से भी सामान गायब
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। सिविल लाइंस में एक के बाद एक हुई टप्पेबाजी की तीन घटनाओं से मंगलवार को हड़कंप रहा। पहली घटना में हाईकोर्ट जज को झांसा देकर पांच हजार नगदी व एटीएम भरा बैग उड़ा दिया गया तो दो अन्य घटनाओं में सेल्स टैक्स ट्रिब्यूनल सदस्य व विधायक के करीबी की कार से नगदी व अन्य सामान गायब कर दिया गया। पुलिस तीनों मामले की जांच में जुटी है।
जस्टिस केएन सिन्हा हाईकोर्ट में जज हैं। शनिवार दोपहर में वह खरीदारी करने के लिए बिग बाजार आए थे। उनके बेटे अमित सिन्हा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि उनके पिता बिग बाजार के बाहर स्थित पार्किंग में खड़ी कार में पिछली सीट पर बैठे थे। इसी दौरान एक युवक पहुंचा और जमीन की ओर इशारा करते हुए जज से कहा कि उनका पैसा जमीन पर गिरा हुआ है। जज ने उससे कहा कि यह उनका पैसा नहीं। वह युवक से बात कर ही रहे थे कि तभी दूसरी ओर से आया युवक दरवाजा खोलकर कार में रखा बैग लेकर भाग निकला। इस पर जस्टिस गुप्ता ने शोर मचाया लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आया। उधर, पहले आया युवक भी गायब हो गया। जस्टिस ने सूचना दी तो 100 नंबर की पुलिस पहुंच गई। जज के साथ टप्पेबाजी की वारदात होने की खबर पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। सिविल लाइंस थाने की फोर्स लेकर इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद एसएसपी नितिन तिवारी भी आ गए। एसएसपी को घटना की जानकारी देने के बाद जस्टिस वहां से चले गए। उधर, शाम को उनके बेटे ने तहरीर दी। उनका कहना है कि बैग में पांच हजार नगद, पांच एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन, एक अंगूठी व एक चांदी की डिब्बी थी।
अधिकरण सदस्य का ब्रीफकेस ले गए
पुलिस जस्टिस के साथ हुई टप्पेबाजी की घटना की जांच में लगी थी कि सुभाष चौराहे के पास सेल्स टैक्स अधिकरण सदस्य अम्बेश श्रीवास्तव को टप्पेबाजों ने शिकार बना लिया। वह कार से मदन कलेक्शन के पास किसी काम से गए थे। इसी दौरान उनकी कार से किसी ने ब्रीफकेस उड़ा दिया गया। जानकारी पर उन्होंने फोन किया तो डायल 100 पुलिस पहुंची। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर तहरीर दी।
10 हजार नगद, चार आधार कार्ड ले गए
एक के बाद एक हुई दो घटनाओं से हड़कंप मचा ही था कि तभी टप्पेबाजी की तीसरी वारदात सामने आई। चंदौली विधायक सुशील कुमार सिंह के करीबी सुयोग सेठ व उनके एक दोस्त मंगलवार को संगम घूमने आए थे। ढाई बजे के करीब वह हॉट स्टफ चौराहे के पास स्थित रेस्टोरेंट में खाना खाने लगे। इसी दौरान कार का पिछला शीशा तोड़कर अज्ञात व्यक्ति ने 10 हजार नगदी व दो एटीएम कार्ड उड़ा दिया। 100 नंबर पर सूचना देने के बाद उन्होंने थाने पहुंचकर तहरीर दी। इंस्पेक्टर शिवमंगल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।