सिविल लाइंस में सरेशाम बमबाजी, मची भगदड़
बदमाशों ने रेस्टोरेंट पर चलाए तीन बम, सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्र्रस्त
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। सिविल लाइंस में पत्रिका चौराहे के पास स्थित रेस्टोरेंट में सरेशाम बमबाजी कर बदमाशों ने सनसनी फैला दी। बाइक से पहुंचे बदमाशों ने एक के बाद एक तीन बम फेंके। जिससे वहां भगदड़ मच गई। घटना में छर्रे लगने से एक व्यक्ति घायल भी हुआ लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह चला गया।
उमरपुर धूमनगंज का रहने वाला अभिषेक राय पत्रिका चौराहे के पास मूनशाइन रेस्टोरेंट चलाता है। रोज की तरह सोमवार शाम भी रेस्टोरेंट कर्मचारी अपने काम में लगे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी दौरान दो स्कूटी पर सवार होकर छह बदमाश वहां पहुंचे। इसमें से एक बदमाश प्रथम तल पर स्थित रेस्टोरेंट के बाहर पहुंचा और ताबड़तोड़ बम चलाने शुरू कर दिए। एक के बाद एक तीन बम धमाकों से वहां दहशत फैल गई। उधर राहगीरों में भगदड़ मच गई। सूचना दी गई लेकिन पुलिस जब तक पहुंचती, बदमाश भाग निकले। जांच में पता चला कि एक बम रेस्टोरेंट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर लगा जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस की मानें तो रेस्टोरेंट मालिक ने किसी से झगड़े की बात से इंकार किया है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।