महिला की दिलेरी ने पस्त किए बदमाशों के हौसले
पकड़ा गया कई मामलों में वांछित अपराधी
इलाहाबाद। शहर के पॉश इलाके दरभंगा कालोनी में एक महिला से चेन छिनने की कोशिश एक शातिर बदमाश को मंहगी पड़ गई। वारदात के समय महिला की दिलेरी से पस्त पड़ा बदमाश पकड़ा गया। लोगों ने जमकर धुनाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसकी शिनाख्त एक शातिर अपराधी के तौर पर की है। कैंट थाने में हत्या के एक मामले में वह पहले भी जेल जा चुका है।
व्यवसायी प्रतिभा कोहली दरभंगा कालोनी स्थित घर के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपनी दो वर्षीय बिटिया बाबू संग टहल रहीं थीं। उसी समय बाइक सवार दो युवक उधर से गुजरे। अचानक पीछे बैठे युवक ने प्रतिभा के गले पर झपट्टा मारते हुए उनकी सोने की भारी चेन झपट ली। इससे प्रतिभा हड़बड़ाईं लेकिन डरी नहीं। उसने बिना डरे लूटेरे को पकड़ने की कोशिश करते हुए वहीं पास में पड़े पत्थर को उठाकर बदमाश को दे मारा और शोर मचाने लगीं। छीना-झपटी के साथ पत्थर पड़ते ही बदमाशों की बाइक डगमगा गई। प्रतिभा का शोर सुनकर आसपास के लोग भी जमा हो गए। आगे जीवन निधि क्लीनिक के पास भी तमाम लोग खड़े थे, जिन्होंने घेरेबंदी करके एक बदमाश को पकड़ लिया जबकि दूसरा बाइक छोड़कर भाग खड़ा हुआ। हत्थे चढ़े बदमाश की लोगों ने जमकर धुनाई की। जमा तलाशी में उसके पास से चेन की लॉकेट एवं चेन का एक हिस्सा बरामद हो गया। थोड़ी देर में जार्जटाउन पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसओ जार्जटाउन के मुताबिक पकड़ा गया बदमाश विजय सरोज शातिर अपराधी है।