मासूम से अश्लील हरकत, आरोपी गिरफ्तार
मुट्ठीगंज में घटना, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। मुट्ठीगंज के ऊंचामंडी में रहने वाली सात साल की मासूम से अश्लील हरकत की गई। जानकारी पर मां ने पुलिस से शिकायत की जिसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा लिखकर उसे जेल भेज दिया है।
ऊंचामंडी में रहने वाला एक व्यक्ति दुकान चलाता है। वह मकान में किराये पर पत्नी व मासूम बेटी के साथ रहता है। आरोपी रविदत्त मिश्रा किसी अस्पताल में कंपाउंडर है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची की मां का ने बताया कि सात जून की शाम छह बजे के करीब वह अपने काम में व्यस्त थी। जबकि बच्ची खेल रही थी। इसी दौरान रविदत्त उसे खींचकर अपने कमरे में ले जाने लगा। साथ ही उससे अश्लील हरकत की। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मां पहुंची तो उसे घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर बच्ची का पिता भी पहुंच गया और इसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस से शिकायत की गई। जिस पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुट्ठीगंज इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।