भैंया गांव में दौड़ा हाईवोल्टेज करंट, एक युवती झुलसी
कई घरों के बिजली उपकरण जलकर हो गए राख
मौके पर कोंहड़ार पुलिस पहुंच ली घटना की जानकारी
मेजा।
इलाके के भैंया गांव में शनिवार शाम को 440 वोल्टेज के तार पर हाईटेंशन तार टूटकर गिर जाने से गांव में हाईवोल्टेज की बिजली दौड़ पड़ी। जिससे हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से एक युवती झुलस गई। हालांकि उसको तत्काल अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया। उधर, कई घरों के बिजली उपकरण जलकर राख हो गए। करीब घंटे भर ग्रामीण पूरी तरह से दहशत के साए में रहे। ट्रांसफार्मर भी धू धूकर जल गया। जिससे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शाम चार बजे अचानक भैंया गांव की 440 वोल्ट के तार पर हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया। जिससे गांव में हाईवोल्टेज की बिजली दौड़ पड़ी। उसी समय गांव के इन्द्रकुमार दूबे की बेटी स्वाती दूबे (17) पंखे का प्लग लगा रही थी कि करंट की चपेट में आ गई। जिससे वह झुलस गई गई। उसे तत्काल एक अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया। उधर, गांव के एक दर्जन से अधिक घरों के बिजली उपकरण जलकर राख हो गए। कई लोगों ने बताया कि टीवी, फ्रिज, सबमर्सिबल पंप जलकर राख हो गए। लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि सूचना पाकर गांव पहुंचे कोंहड़ार चौकी इंचार्ज आनन्द वर्मा ने घटना की जानकारी ली। गांव का ट्रांसफार्मर भी जल गया है। जिससे भैंया गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई है।