शाही। हैदरगंज गांव में पड़ोसी के घर से दावत खाकर लौटे बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोसी सगे भाइयों पर पुरानी रंजिश में जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। एसपी देहात ने भी मुआयना किया और पीड़ित परिवार को कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
शाही थाना क्षेत्र के गांव हैदरगंज निवासी मृतक की बेटी राजवती ने एसपी देहात डॉ. संसार सिंह को बताया कि पड़ोसी मानसिंह और छोटेलाल बृहस्पतिवार शाम पिता नत्थूलाल लोधी को अपने घर ले गए थे। वहां खाना खिलाया और शराब पिलाई। घंटे भर बाद पिता घर आए और लेट गए। घरवालों ने दो बार खाने को पूछा तो मानसिंह के घर खाकर आने की बात कहकर मना कर दिया। शुक्रवार सुबह देर तक नहीं उठे तो वह जगाने पहुंची। देखा कि मृत्यु हो चुकी थी। राजवती ने बताया कि कई साल पहले तालाब में मछलियां मारने को लेकर नत्थूलाल की मानसिंह, छोटेलाल से मारपीट हो गई थी। पुलिस को थाने में समझौता कराना पड़ा था। सुबह नत्थूलाल की मौत की खबर फैलते ही मानसिंह, छोटेलाल घर में ताला डालकर परिवार समेत फरार हो गए, जिससे और शक बढ़ गया है। दबिश में कोई हत्थे नहीं चढ़ा है। पोस्टमार्टम में जहर के संकेत पर विसरा सुरक्षित किया गया। एसएचओ अरविंद सिंह चौहान घटना की तफ्तीश कर रहे हैं। सीओ आलोक अग्रहरि ने भी घटनास्थल का मुआयना किया।
गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट लिख ली है। विसरा की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि किस प्रकृति का जहर था और वह भोजन में था या शराब में। आरोपियों की तलाश की जा रही है, उनके मिलने पर भी सच्चाई पता लग पाएगी। - संसार सिंह, एसपी देहात