संशोधित...रेप का आरोपी स्कूल प्रबंधक गिरफ्तार
-एक पखवारे पहले दर्ज हुआ था मुकदमा, पीड़िता की मौत के बाद हरकत में आई पुलिस
तिलईबाजार (ब्यूरो)। मऊआइमा में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म करने वाले आरोपी स्कूल प्रबंधक को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार को पीड़िता की मौत के बाद पुलिस हरकत में आई। आरोपी के ससुराल में छापा मार उसे पकड़ा गया।
मऊआइमा तिलईबाजार निकट स्कूल प्रबंधक मोती लाल प्रजापति द्वारा 10वीं की छात्रा से दुराचार के बाद उसे गर्भपात की दवा खिला दी थी। जिससे छात्रा की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने जब उसे अस्पताल में भर्ती कराया तो उसके गर्भवती होने का पता चला। इसके बाद से ही वह अस्पताल में भर्ती थी। छात्रा के घर वालों ने मोती लाल के खिलाफ दुराचार, पॉस्को एक्ट तथा एससी, एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित छात्रा की बुधवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पर स्कूल प्रबंधक मोती लाल को पकड़ने का दबाव बढ़ गया। गुरुवार को इंस्पेक्टर अरुण कुमार चतुर्वेदी ने अपनी टीम के साथ मोती लाल के ससुराल फतनपुर प्रतापगढ़ में छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद वह वहीं भाग गया था। इंस्पेक्टर अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।