महंत नरेंद्र गिरी को जान
से मारने की धमकी
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने योगी सत्यम के खिलाफ लिखाई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि ने योगी सत्यम के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कराया है। दारागंज पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।
नरेंद्र गिरि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष हैं। इसके साथ ही वह अल्लापुर स्थित बाघंबरी गद्दी मठ के महंत भी हैं। उनका आरोप है कि 14 जुलाई को वह दिल्ली गए हुए थे। रात में वह एयरपोर्ट पर थे कि उसी करीब 8.24 मिनट पर उनके मोबाइल पर कॉल आई। आरोप है कि कॉल करने वाले ने खुद को योगी सत्यम बताते हुए उन्हें भद्दी गालियां दीं। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। महंत का आरोप है कि वह योगी सत्यम की आवाज को अच्छी तरह से पहचानते हैं। शहर आने के बाद महंत की ओर से मामले की शिकायत एसएसपी से की गई। एसएसपी के आदेश पर शनिवार को दारगांज पुलिस ने योगी सत्यम के खिलाफ धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। दारागंज इंस्पेक्टर विनीत सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
उधर महंत नरेंद्र गिरि का कहना है कि अखाड़ा परिषद की ओर से योगी सत्यम को फर्जी बाबा घोषित किया गया है। वह अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष हैं, जिसके कारण ही उनके साथ फोन पर योगी सत्यम की ओर से गालीगलौच की गई, साथ ही जान से मारने की धमकी दी जा रही है। महंत ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी से उन्हें जान का खतरा भी है।