000000000000000000
एसटीएफ के रॉडार पर एक दर्जन संदिग्ध नंबर
एलटी ग्रेड भर्ती परीक्षा में सॉल्वर मुहैया कराने वाले की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। एलटी ग्रेड भर्ती परीक्षा में सॉल्वर गैंग के भंडाफोड़ के बाद एसटीएफ के रॉडार पर अब एक दर्जन वह संदिग्ध नंबर हैं, जिनसे सॉल्वर मुहैया कराने वाले आरोपी विक्कू की लगातार बात होती थी। एसटीएफ को शक है कि उससे लगातार संपर्क में रहने वाले इन लोगों ने दूसरी परीक्षाओं में भी गड़बड़ियों का प्लॉन तैयार कर रखा होगा। विक्कू के साथ उसके निरंतर संपर्क में रहने वालों के नंबर भी सर्विलांस पर लगाकर उनकी पड़ताल हो रही है।
29 जुलाई को एसटीएफ ने 12 लोगों को गिरफ्तार करके एलटी ग्रेड परीक्षा में सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़ किया था। पकड़े गए सरगना ओम ने पूछताछ में एसटीएफ को बताया कि बिहार का रहने वाला विक्कू उसे सॉल्वर मुहैया कराता था लेकिन, विक्कू के बारे में वह अधिक कुछ नहीं बता सका। एसटीएफ को अब विक्कू की तलाश है। जांच के दौरान एसटीएफ को मालूम चला कि विक्कू के पास सॉल्वरों का एक बड़ा नेटवर्क है। इसका इस्तेमाल वह तमाम परीक्षाओं में करता है। काफी कोशिश के बाद एसटीएफ के हाथ विक्कू का मोबाइल नंबर एवं उसके निरंतर संपर्क में रहने वाले करीब एक दर्जन लोगों के नंबर हाथ आ गए। हालांकि विक्कू का मोबाइल नंबर अभी स्विच ऑफ है लेकिन, उससे जुड़े कुछ नंबर लगातार चल रहे हैं। अब एसटीएफ इन्हीं नंबरों के सहारे सुरागकशी में जुटी है। सूत्रों का कहना है विक्कू का इलाहाबाद भी आना-जाना रहा है। कुछ परीक्षाओं में भी वह धांधली करा चुका है। एसटीएफ डिप्टी एसपी नवेंदु सिंह का कहना है विक्कू की तलाश की जा रही है। उसके पकड़े जाने के बाद पूरे गोरखधंधे का खुलासा हो सकेगा।