डॉक्टर के फ्लैट से नगदी समेत 12 लाख की चोरी
0 दो लाख नकदी के साथ 10 लाख के जेवर ले गए चोर
0 पन्ना लाल रोड पर स्थित हरित कुंज अपार्टमेंट में घटना
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। जार्जटाउन के पन्ना लाल रोड पर स्थित अपार्टमेंट में रहने वाले डॉक्टर के फ्लैट से चोर नकदी समेत 12 लाख का माल उड़ा ले गए। शनिवार सुबह डॉक्टर पत्नी समेत दिल्ली से लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। सूचना पर डॉग स्क्वॉयड के साथ ही फोरेंसिक टीम भी पहुंची। हालांकि, चोरों का कुछ सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
डॉक्टर अनूप कुमार यादव मूल रूप से कौशाम्बी के सिराथू कस्बे के रहने वाले हैं। वह सिराथू के पास ही क्लीनिक भी चलाते हैं। शहर में वह परिवार के साथ पन्ना लाल रोड स्थित हरितकुंज अपार्टमेंट में तीसरे तल पर बने फ्लैट में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा बाहर रहता है। 19 सितंबर को उनकी बेटी कृति को दिल्ली जाना था। उसे छोड़ने के लिए वह घर में ताला बंद कर पत्नी समेत रात में दिल्ली चले गए। बेटी को छोड़कर शनिवार सुबह आठ बजे के करीब वह पत्नी के साथ वापस आए। मेन दरवाजे का ताला खोलकर वह भीतर घुसे। कुछ देर बाद वह अंदर के कमरे में जाने लगे तो उसका दरवाजा भीतर से बंद मिला। उन्होंने ठोकर मारी तो सिटकनी खुल गई। इसके बाद भीतर का नजारा देखकर डॉक्टर के होश उड़ गए। आलमारी खुली पड़ी थी और उसमें रखा सारा सामान बिखरा था। लॉकर भी टूटा था और उसमें रखे चेन, अंगूठी, हार समेत अन्य कीमती गहने व दो लाख नगद गायब थे। सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच पड़ताल के दौरान छत पर फोरेंसिक टीम को कुछ लोगों के पैरों के निशान मिले। ऐसे में माना जा रहा है कि चोर छत के रास्ते पिछले दरवाजे से घर में दाखिल हुए और सामान ले उड़। जार्जटाउन पुलिस का कहना है कि डॉक्टर की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
छह महीने के भीतर 10वीं घटना
डॉक्टर के घर चोरी की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी जमा हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अपार्टमेंट में छह महीने के भीतर चोरी की यह 10वीं वारदात है। पुलिस आज तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। उधर पुलिस का कहना है कि पड़ोस में स्थित फ्लैट के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। उसकी फुटेज खंगाली जा रही है। वैसे जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया, उससे इस बात की पूरी आशंका है कि घटना में कोई ऐसा व्यक्ति जरूर शामिल था जिसे मालम था कि डॉक्टर परिवार समेत बाहर गए हैं।
प्राइमरी स्कूल से मिड डे मील का बर्तन उड़ाया
इलाहाबाद। कोतवाली के साउथ मलाका स्थित प्राइमरी स्कूल से चोरों ने मिड डे मील के बर्तन के साथ ही दो सिलेंडर उड़ा दिए। प्रधानाध्यापिका रजनी कटियार ने पुलिस को बताया है कि 21 सितंबर को सुबह 7.31 पर उन्हें स्कूल के कमरे का ताला टूटा होने की सूचना मिली। वह पहुंची तो मिड डे मील के बर्तन समेत दो सिलेंडर गायब थे। कोतवाली पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।