अतुल ने कीडगंज में शशांक को मारने की रची साजिश
0 आबकारी सिपाही और इंस्पेक्टर पर हमले के तीनों आरोपी जेल भेजे
इलाहाबाद। चौफटका में आबकारी सिपाही शशांक सिंह और इंस्पेक्टर इंद्रजीत पर हमले की साजिश अतुल सिंह ने कीडगंज स्थित शराब की दुकान पर शुक्रवार को रची थी। हत्या की एवज में 70 हजार रुपये तय हुए थे। उस दौरान सूरज चौरसिया और हत्या में शामिल तीसरे किशोर को बीयर भी पिलाई गई थी।
शराब की दुकान से शशांक की लोकेशन ली गई तो पता चला कि सिपाही और इंस्पेक्टर कलक्ट्रेट से झलवा स्थित शराब के गोदाम जा रहे हैं। इस सूचना के बाद तीनों शशांक और इंद्रजीत के पीछे लग गए। चौफटका के पास मौका पाकर दो फायर किए, जिसमें से एक गोली शशांक के कंधे में धंस गई, जबकि दूसरा फायर मिस हो गया। इस घटना के बाद अतुल ने सूरज और दूसरे किशोर को सात हजार रुपये दिए थे, बाकी के रुपये बाद में देने को कहा था। एसपी सिटी सिद्धार्थ मीना ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा अतुल ने खरीदकर दिया था। वह तमंचा और कारतूस कहां से लाया, इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इनके कब्जे से चोरी की बाइक, दो कारतूस और तमंचा बरामद किया है। हत्या करने की वजह पिता के अपमान का बदला लेना था। इस घटना में अभी राहुल और अनिल के खिलाफ साक्ष्य नहीं मिले हैं। इन दोनों की भूमिका के बारे में विवेचना की जा रही है।